जामुन के पौष्टिक गुण

By: Jul 8th, 2023 12:14 am

जामुन खाने में तो स्वादिष्ट होता ही है, साथ ही इसके कई औषधीय गुण भी होते हैं। जामुन को कई अन्य नामों से भी जाना जाता है, राजमन, काला जामुन, जमाली, ब्लैकबेरी आदि। इसकी प्रकृति अम्लीय और कसैली होती है, लेकिन इसका स्वाद खाने में मीठा होता है। अम्लीय होने के कारण जामुन को नमक के साथ खाया जाता है। जामुन में ग्लूकोज और फ्रेक्टोज पाया जाता है। जामुन में खनिजों की मात्रा अधिक होती है। इसके बीज में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और कैल्शियम अधिक मात्रा में पाया जाता है। जामुन में आयरन, विटामिन और फाइबर पाया जाता है। आइए जानते हैं कि जामुन आपके स्वास्थ्य के लिए कितना फायदेमंद है।

हिमोग्लोबिन में सुधार करता है- जामुन में विटामिन सी और आयरन भरपूर मात्रा में होता है। जो आपके हिमोग्लोबिन काउंट को बेहतर बनाने में मदद करता है। जामुन में मौजूद आयरन ब्लड प्यूरीफायर का काम करता है। शरीर में हिमोग्लोबिन की मात्रा बढऩे से आक्सीजन की वहन करने की क्षमता भी बढ़ जाती है। आपके शरीर में खून की कमी नहीं होने पाती और आप स्वस्थ रहते हैं।

दिल को स्वस्थ रखता है- जामुन एंटीऑक्सीडेंट और पोटाशियम जैसे मिनरल्ज से भरा होता है। ये न्यूट्रीएंट्स आपके दिल को स्वस्थ रखने और हृदय रोग को रोकने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हाई ब्लड प्रेशर, दिल से जुड़ी कई बीमारियों और हार्ट स्ट्रोक जैसी समस्याओं के खतरे को दूर रखने में जामुन फायदेमंद है। जामुन आर्टरीज को भी हेल्दी रखता है।

त्वचा को रखता है स्वस्थ- स्किन के लिए जामुन बहुत हेल्दी होता है। जामुन में कसैले गुण भी होते हैं, जो स्किन के लिए बहुत लाभदायक होते हैं। यह आपकी त्वचा को पिंपल्स, झुर्रियों, मुंहासों और दाग-धब्बों से बचाता है। इसके अलावा जामुन में विटामिन सी भी पाया जाता है, जिसमें एंटीइंफ्लेमेंटरी गुण होते हैं जो त्वचा को नरम बनाने और इसके स्वास्थ में सुधार करने में सहायक होते हैं। अगर आपकी त्वचा ऑयली है, तो आपको जामुन का सेवन जरूर करना चाहिए।

वजन घटाने में सहायक- जामुन फाइबर से भरपूर होता है और इसमें कैलोरी की मात्रा कम होती है। इसमें विटामिन सी, आयरन, फास्फोरस, मैगनीशियम और फोलिक एसिड भी पाया जाता है जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। यही कारण है कि जामुन वजन घटाने के लिए बेहतरीन माना जाता है। इसके अलावा फाइबर से भरपूर होने की वजह से जामुन पाचन के लिए भी बेहतर होता है। जामुन शरीर में वाटर रिटेंशन को भी कम करता है। गैस्ट्रिक स्वास्थ्य में सुधार- जामुन में ड्यूरेटिक गुण होते हैं जो पाचन संबंधी समस्याओं को कम कर सकते हैं। यह आपके गुर्दे से टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है और उल्टी को रोकने में मदद करता है। फाइबर पाचन में सुधार करता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App