Himachal News: हिमाचल के सपूतों में देशसेवा का जुनून; एयरफोर्स में सेवाएं देंगे सुलाह के चिराग

By: Dec 10th, 2023 9:29 pm

पालमपुर – सुलाह विधानसभा के गांव गढ़बस्ती के चिराग शर्मा ने एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चिराग ने अपनी स्कूली शिक्षा डीएवी आलमपुर, इंजीनियरिंग डीएवी विश्वविद्यालय जालंधर से की है व स्नातकोत्तर फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट देहरादून से की है। चिराग की छह महीने की ट्रेनिंग एयरफोर्स अकादमी हैदराबाद में हुई और एक साल की ट्रेनिंग बंगलुरु में हुई। चिराग के पिता चंदरभान शर्मा 33 साल भारतीय सेना में सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि माता रीता शर्मा गृहिणी हैं। चिराग ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता और अध्यापकों को दिया है।

हमीरपुर के निशांत ठाकुर को पहले ही प्रयास में सफलता

डिडवीं टिक्कर। हमीरपुर की ग्राम पंचायत डुग्घा के लाहड़ गांव के स्व. जगदीश ठाकुर के पौत्र निशांत ठाकुर इंडियन आर्मी में लेफ्टिनेंट बने हैं। वह सिख लाइट रेजिमेंट में सेवाएं देंगे। उन्होंने अपनी पढ़ाई डीएवी स्कूल हमीरपुर से की है। निशांत ने पहले प्रयास में ही बंगलुरू से एसएसबी क्लियर किया। निशांत को सिख लाइट इन्फेंट्री में कमीशन मिला और यह पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव होगा। निशांत के पिता दिनेश ठाकुर शिक्षा विभाग में लेक्चरर के पद पर जिला कांगड़ा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। माता सोनिका ठाकुर अध्यापिका हैं। छोटा भाई कम्प्यूटर साइंस से बीटेक कर रहा है। निशांत ने बचपन से ही आर्मी में जाने का सपना देखा था, जिसे आज उसने लेफ्टिनेंट बनकर पूरा कर दिखाया है। भारतीय सेना में होकर इस नौजवान ने अपने माता-पिता व प्रदेश का नाम रोशन किया है।

सेना में लेफ्टिनेंट बने कांगड़ा तियारा के आर्यन मनकोटिया

गगल। कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत तियारा के गांव तियारग से संबंध रखने वाले लेफ्टिनेंट आर्यन मनकोटिया आईएमए देहरादून से पास आउट हुए हैं। अब लेफ्टिनेंट आर्यन मनकोटिया 11 जाट रेजिमेंट शिमला में सेवाएं देंगे। आर्यन मनकोटिया ने पहली से प्लस टू तक की पढ़ाई सेक्रेड हार्ट से प्राप्त की। आर्यन मनकोटिया के दादा भी भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। आर्यन मनकोटिया के पिता भी इंडियन नेवी से मास्टर चीफ पैटी ऑफिसर के पद से सेवानिवृत हुए हैं और माता अंजु मनकोटिया गृहिणी हैं। उधर, ब्लॉक कांग्रेस के महासचिव संजीव धीमान ने बताया कि उनकी तीसरी पीढ़ी देश की सेवा करने लग पड़ी है। तियारग में खुशी का माहौल है।

डलहौजी के विशाल कुमार की मेहनत रंग लाई

डलहौजी। डलहौजी उपमंडल के ठंडा पानी गांव (गोली) के एक छोटे से गरीब परिवार से संबंध रखने वाले विशाल कुमार ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर पहुंचकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। विशाल कुमार अब कुमाऊं रेजिमेंट में बतौर लेफ्टिनेंट सेवाएं देंगे। विशाल ने प्रारंभिक पढ़ाई प्राथमिक स्कूल गोली से पूर्ण की। इसके बाद 12वीं की पढ़ाई गर्वमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाथरी से पूरी कर भारतीय सेना में भर्ती हुए। विशाल ने सेना में बतौर सिपाही अपनी सेवाएं देते हुए शिक्षा को भी जारी रखा। विशाल की माता पार्वती ने बताया कि वह बचपन से ही बहुत मेहनती, ईमानदार था। इसके चलते आज उसने अपनी मेहनत, लग्न और ईमानदारी से हमारे परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

कार्तिक राणा की कामयाबी से परिजन गदगद

पालमपुर। इंडियन नेशनल अकेडमी देहरादून से पासआउट हुए कार्तिक राणा अब असम में सेवाएं देंगे। 11 मार्च, 2002 को जन्मे कार्तिक ने पांचवीं तक सेंट पाल स्कूल पालमपुर में तथा छठी से 12वीं तक सैनिक स्कूल सुजानपुर से शिक्षा ग्रहण की। कार्तिक के पिता कुलदीप राणा पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य कार्यालय दिल्ली में महाप्रबंधक और माता इंदु बाला स्कूल अध्यापिका हैं। कार्तिक अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़े भाई और सैनिक स्कूल सुजानपुर के अध्यापकों को देते हैं। कार्तिक के पिता कुलदीप राणा ने कहा कि वह और उनका पूरा परिवार भाग्यशाली है कि उनके दोनों पुत्र इतने बडे ओहदे पर पहुंचकर देश की सेवा करेंगे। सेंट पाल स्कूल के प्रधानाचार्य रेवरेंड वरिंदर पाल सिंह ने खुशी जाहिर करते कहा कि कार्तिक और उसके बड़े भाई क्षितिज दोनों ने उनके स्कूल से शिक्षा ग्रहण की है, जो उनके स्कूल के लिए गौरव की बात है।

अंकिता शर्मा को गणित में प्रदेश में पहला स्थान

मझीन। उपमंडल ज्वालामुखी के तहत अलुहा पंचायत की अंकिता शर्मा ने स्नातकोत्तर डिग्री के तहत गणित विषय में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इसी के साथ अंकिता शर्मा ने डीएवी कालेज कांगड़ा से बीए करते हुए भी पहला स्थान हासिल किया था। अंकिता शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अमर शांति मॉडल पल्लिक स्कूल खुंडियां से शुरू की तथा आगे की पढ़ाई के लिए डीएवी कालेज कांगड़ा से की। बता दें कि अंकिता शर्मा जिला कांगड़ा की तहसील खुंडियां के तहत अलुहा गांव के कमल नयन की बेटी हैं। अंकिता शर्मा के माता-पिता, गुरुजनों व परिवार के अन्य लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App