नए साल से स्पीति आने के लिए देनी पड़ेगी फीस; लिया जाएगा एसएडीए डिवेलपमेंट शुल्क, स्थापित होगा बैरियर

By: Dec 30th, 2023 12:08 am

पहली जनवरी से गाडिय़ों से लिया जाएगा एसएडीए डिवेलपमेंट शुल्क, समूदो में स्थापित किया जाएगा बैरियर

जिला संवाददाता-केलांग

जिला लाहुल-स्पीति के स्पीति खंड के विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण एसएडीए काजा और ताबो में हिमाचल प्रदेश सहित देश भर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वाहनों के प्रवेश करने पर शुल्क अदा करना होगा। पहली जनवरी, 2024 से एसएडीए डिवेलपमेंट फीस के लिए बैरियर समूदो में स्थापित किया जा रहा है। अगर कोई वाहन बिना शुक के पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त करवाई अमल में लाई जाएगी। 24 नवंबर, 2023 को आयोजित विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण एसएडीए की बैठक विधायक रवि ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसी बैठक ने यह फैसला लिया गया कि काजा और ताबो में पर्यटकों का आवागमन दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। इसके कारण उक्त क्षेत्रों में ठोस कूड़ा प्रबंधन व सीवेज प्रबंधन आदि के लिए विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण एसएडीए के पास वित्तीय आभाव है । ऐसे में जनता के हित के लिए एसएडीए डिवेलपमेंट फीस की व्यवस्था शुरू की जाए। बैठक के फैसले के मुताबिक आरएलए स्पीति के निजी वाहनों को इस शुल्क से छूट है। इसके साथ ही स्पीति आरएलए में पंजीकृत निजी व स्थानीय निवासियों की देश के किसी भी अन्य आरएलए में वाहन पंजीकृत होगी, तो उनसे शुल्क नहीं लिया जाएगा।

इसी तरह किन्नौर जिला के स्पीति के साथ सटे गांव सुमरा गांव के स्थानीय निवासियों के निजी वाहनों से शुल्क नहीं लिया जाएगा। सर्दियों में केवल समुदो में एसएडीए डिवेलपमेंट फीस एकत्रित की जाएगी। वहीं गर्मियों में काजा-मनाली मार्ग खुलने पर लोसर में फीस बैरियर स्थापित किया जाएगा, जो कि पहली जून, 2024 को शुरू किया जाएगा। फीस एकत्रित करने के लिए आउटसोर्सिंग के आधार पर व्यक्ति नियुक्त किए जाएंगे फिलहाल लोक निर्माण विभाग के कर्मी फीस एकत्रित करेंगे। हर वाहन की एसएडीए डिवेलपमेंट फीस की पर्ची कटेगी। एसडीएम काजा हर्ष अमरेंद्र नेगी ने कहा कि पहली जनवरी, 2024 से एसएडी एडेवलपमेंट फीस एकत्रित की जाएगी। जिला लाहुल-स्पीति के वाहनों को इस फीस से छूट प्रदान की गई है। लाहुल-स्पीति के टैक्सी चालकों को शुल्क देना होगा।

यहां होगा खर्च

फीस से एकत्रित होनी वाली आय का खर्च विभिन्न कार्यों के लिए किया जाएगा, जिनमें अग्रलिखित शामिल है। सार्वजनिक शौचालय निर्माण, सोलर लाइट, सीसीटीवी कैमरा, होर्डिंग बोर्ड, स्ट्रीट लाइट्स व सूचना पट्ट आदि के लिए खर्च होंगे।

गाडिय़ों का शुल्क निर्धारित

दोपहिया वाहन 100 रुपए, कार 200 रुपए, एसयूवी, एमयूवी 300 रुपए, बस और ट्रक 400 रुपए। आरएलए स्पीति में पंजीकृत टैक्सी वाहनों के लिए सालाना शुल्क की दरें तय की गई है। बड़े वाहन जैसे मैक्सी और ट्रैवलर के लिए 2500 रुपए सालाना और 1500 रुपए छोटे वाहनों के लिए अदा करें होंगे।

एसएडीए डिवेलपमेंट फीस के लिए खुलेगा अब से बैंक अकांउट

एसएडीए डिवेलपमेंट फीस के लिए अलग से बैंक अकांउट खोला जाएगा। हर दिन एकत्रित होने वाली फीस को उसी दिन बैंक अकांउट में जमा करवाया जाएगा। आउटसोर्सिंग के आधार पर रखे गए कर्मचारियों का वेतन और अन्य भत्ते एसएडीए सदस्य जारी करेंगे। एसएडीए डिवेलपमेंट फीस से एकत्रित होने वाली आय से कोई वाहन नहीं खरीदा जाएगा। इसके साथ ही विदेशी दौरे के लिए भी इस फंड का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App