भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान व हिमाचल की बेटी रितु को बड़ा सम्मान, मिला अर्जुन अवार्ड

By: Dec 20th, 2023 9:03 pm

सिरमौर जिला को इससे पहले मिल चुके हैं दो अर्जुन अवार्ड

हॉकी खिलाड़ी सीता गोसाई व निशानेबाज समरेश जंग हासिल कर चुके हैं सिरमौर के लिए अर्जुन अवार्ड

सूरत पुंडीर नाहन

नाहन: भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान व हिमाचल की बेटी रितु नेगी को बड़ा सम्मान मिला है ।रितु नेगी को केंद्र सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा भारतीय खेल पुरस्कारों की घोषणा में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। रितु नेगी को अर्जुन पुरस्कार सम्मानित करने से न केवल पूरे देश में अपितु हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ सिरमौर जिला में खुशी की लहर है। मूल रूप से जिला सिरमौर के गिरिपाल क्षेत्र के शिलाई क्षेत्र के गांव सरोग की बेटी रितु नेगी वर्तमान में भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान है ।रितु नेगी को अर्जुन पुरस्कार मिलने की घोषणा से सिरमौर जिला में अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों की संख्या तीन हो गई है। इससे पूर्व सिरमौर जिला की बेटी व भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रही सीता गुसाई व भारतीय टीम के जाने-माने निशानेबाज समरेश जंग को अर्जुन पुरस्कार मिल चुका है। 30 मई 1992 को जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के शरोग गांव में जन्मी रितु नेगी वर्तमान में भारतीय रेलवे में सेवाएं दे रही है तथा भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान है।

रितु नेगी के नेतृत्व में हाल ही में चीन में संपन्न हुए एशियाई गेम्स में भारतीय महिला टीम ने गोल्ड मेडल जीता है। जबकि इससे पूर्व भी वर्ष 2022 में भी भारतीय महिला कबड्डी टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। जिसमें रितु नेगी का अहम योगदान रहा था ।रितु नेगी के पति रोहित गुलिया भी भारतीय कबड्डी टीम के अग्रणी खिलाड़ी रहे हैं तथा वर्तमान में रितु नेगी और रोहित गुलिया इंडियन रेलवे में सेवारत है ।रितु नेगी को अर्जुन अवार्ड की घोषणा से समूचे जिला सिरमौर में खुशी की लहर है ।उधर हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप राणा ने कबड्डी खिलाड़ी व भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान रितु नेगी को अर्जुन अवार्ड के लिए चयनित होने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि रितु नेगी ने न केवल सिरमौर जिला वह हिमाचल प्रदेश अपितु पूरे भारतवर्ष का नाम कबड्डी के क्षेत्र में रोशन किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App