सिटी ब्यूटीफुल को ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2023’ में 11वीं रैंक

By: Jan 12th, 2024 12:05 am

सफाई मित्र सुरक्षा शहर’ के रूप में चंडीगढ़ देश का सर्वश्रेष्ठ नगर घोषित

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— चंडीगढ़

सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ ने प्रतिष्ठित स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 पुरस्कारों में सफाई मित्र सुरक्षित शहर के रूप में पहला स्थान हासिल करके एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 पुरस्कारों में राष्ट्रीय स्तर पर 11वीं रैंक हासिल की है। पिछले साल चंडीगढ़ शहर 12वें नंबर पर आया था। नगर निगम की ओर से शहर को इस सर्वेक्षण में पहले नंबर पर लाने के लिए गए तमाम प्रयासों की बाद चंडीगढ़ शहर सिर्फ एक पायदान ऊपर होकर 11वें नंबर पर आया। भारत मंडपम नई दिल्ली में पुरस्कार समारोह के दौरान शहर के मेयर अनुप गुप्ता, चंडीगढ़ प्रशासक के सलाहकार नितिन कुमार यादव, नगर निगम आयुक्त अनिंदिता मित्रा, निगम के चीफ इंजीनियर एनपी शर्मा ने भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त किया। इस उपलब्धि को लेकर महापौर अनूप गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा यह पुरस्कार नगर निगम के लगातार प्रयासों और शहर नागरिकों व हितधारकों के अटूट समर्थन को समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह चंडीगढ़ को एक स्वच्छ और टिकाऊ शहर में बदलने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

नगर निगम आयुक्त अनिंदिता मित्रा ने इस अवार्ड को लेकर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि चंडीगढ़ शहर के लगातार प्रयासों के कारण स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 पुरस्कारों में राष्ट्रीय स्तर पर 11वीं रैंक हासिल हुई है। इसके अलावा उन्होंने इन उल्लेखनीय मील के पत्थर हासिल करने में उनके बहुमूल्य योगदान और समर्थन के लिए सभी हितधारकोंए नागरिकों और सफ़ाईमित्रों के प्रति आभार व्यक्त किया और यह पुरस्कार उन्हें समर्पित किया। दिल्ली में दिए गए इस अवार्ड के इस अवसर पर नगर निगम चंडीगढ़ के अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य हरजीत सिंहए अधीक्षण अभियंता रोड धर्मेंद्र शर्मा, अधीक्षण अभियंता बागबानी कृष्णपाल सिंह व चंडीगढ़ से डेपुटेशन पर गए दिल्ली नगर निगम में मुख्य अभियंता सिविल संजय अरोड़ा एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

इस बार चंडीगढ़ का ओवरऑल स्कोर 9500 में से 8541.1 रहा है, जबकि पिछले वर्ष 7500 में से 6208.5 रहा था। इंदौर का इस वर्ष ओवरऑल स्कोर 9348.4 रहा है। सर्वेक्षण में पहले नंबर पर इंदौर आया है। इंदौर ने लगातार सातवीं बार सबसे साफ शहर के लिए पुरस्कार प्राप्त किया। चंडीगढ़ को उम्मीद थी कि इस बार टॉप 10 में जगह बना लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हर साल गांधी जयंती से एक दिन पहले पहली अक्तूबर को स्वच्छ सर्वेक्षण के नतीजे जारी किए जाते हैं, लेकिन पिछले वर्ष विभिन्न कारणों की वजह से नतीजे नहीं जारी किए जा सके। इसलिए गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के नतीजों की घोषणा हुई।

स्वच्छता आकलन को अगस्त में आई थी टीम

चंडीगढ़ की स्वच्छता का आकलन करने के लिए स्वच्छता सर्वेक्षण टीम 10 से 15 अगस्त के बीच चंडीगढ़ का दौरा किया था। प्रशासन और नगर निगम ने काफी मेहनत की थी। कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई थीं। सभी की जिम्मेदारी तय की गई थी। निगम और प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे सडक़ों पर कचरा या मलबा न फेंके। ऐसा करने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस को जिम्मा दिया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App