आज भारत न्याय यात्रा में शामिल होंगे सीएम सुक्खू, इंफाल से होगी राहुल गांधी की यात्रा की शुरुआत

By: Jan 14th, 2024 12:01 am

विशेष संवाददाता-शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस इस यात्रा की शुरुआत इंफाल से करने जा रही है। यात्रा में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शनिवार को दिल्ली से गुवाहाटी के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम गुवाहाटी में होगा। यहां से रविवार को सुबह सवा दस बजे वे इंफाल के लिए हवाई मार्ग से रवाना होंगे। इंफाल में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का हिस्सा बनने के बाद दिल्ली वापस लौटेंगे। यहां वे केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के आलानेताओं से मुलाकात कर सकते है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा 14 जनवरी को इंफाल से शुरू होगी और 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। यात्रा में 6700 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेगी। यात्रा मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में खत्म होगी। राहुल गांधी की यात्रा का यह दूसरा चरण है और यात्रा 66 दिन तक लगातार जारी रहेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू यात्रा की शुरुआत के मौके पर इंफाल में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इंफाल से रविवार को वापस लौटेंगे और उनका रात्रि विश्राम दिल्ली में रहेगा। मुख्यमंत्री यहां केंद्रीय मंत्रियों और कांग्रेस के आलानेताओं से मुलाकात कर सकते है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App