अग्निवीर योजना से भाजपा ने युवाओं को दिया धोखा

By: Feb 4th, 2024 12:55 am

युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के समन्वयक निगम भंडारी ने मोदी सरकार पर बोला हमला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के समन्वयक निगम भंडारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार राजनीतिक विरोधियों को कुचलने के लिए ईडी व सीबीआई का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए चुनाव में कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है, जबकि भाजपा के लिए ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग, आयकर व अडानी चुनाव लड़ेंगे। वह शनिवार को मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। निगम भंडारी ने कहा कि मोदी सरकार ने सेना में अग्निवीर भर्ती योजना को लागू करके देश के युवाओं के साथ छल किया है। उन्होंने सवाल पूछा है कि चंद कारपोरेट घरानों के इशारों पर चलने वाली मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना के जरिए 4 वर्ष बाद 75 प्रतिशत युवाओं को सेवानिवृत्त कर भारतीय सेना में कारपोरेट संस्कृति को स्थापित करने का काम क्यों किया है। निगम भंडारी ने केंद्र सरकार के कार्यकाल के अंतिम दौर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हिमाचल दौरे पर भी सवाल उठाए हैं।

उन्होंने पूछा है कि आपदा के वक्त राज्यसभा व लोकसभा में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद दिल्ली में जाकर चुप क्यों हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए यह सांसद हिमाचल के लिए कोई भी आर्थिक मदद लाने में नाकाम रहे हैं। निगम भंडारी ने कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर पर चुनाव जीतने के बाद लोगों से दूरियां बनाने पर सवाल पूछा है। इससे पहले निगम भंडारी ने जिला कांग्रेस कमेटी चंबा की बैठक में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बूथ, मंडल और ब्लॉक स्तर पर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने और लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष कमल ठाकुर, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करतार ठाकुर, मुकेश, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू कुमारी, लियाकत अली, सुरेश, अरुण शर्मा, संजय एवं अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App