गुलमर्ग में जौहर दिखाएंगे हिमाचल के खिलाड़ी

By: Feb 20th, 2024 12:15 am

21 से 25 फरवरी तक खेलो इंडिया के शीतकालीन खेल पर्वतारोहण, अल्पाइन स्कीइंग – स्नोबोर्डिंग प्रतियोगिता में लेंगे भाग

निजी संवाददाता-मनाली
खेलो इंडिया शीतकालीन खेल में भाग लेने हिमाचल की टीम गुलमर्ग रवाना हो गई है। 21 से 25 फरवरी तक आयोजित हो रहे खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2024 के चौथा संस्करण के दूसरे चरण में हिमाचल प्रदेश के 51 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाएंगे। आज रविवार को पर्वतरोहण संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी ने टीम को दी हरी झंडी देकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2024 के चौथा संस्करण का पहला चरण केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में हुआ था जो दो से छह फरवरी से तक चला । अब इसका दूसरा चरण कश्मीर के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में 21 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाला हैं।

गुलमर्ग में विभिन्न खेलों पर्वतारोहण, अल्पाइन स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग, नॉर्डिक स्कीइंग और गंडोला जैसे खेलों का आयोजन किया जाएगा। हिमाचल टीम की आने जाने की व्यवस्था अटल बिहारी वाजपयी पर्वतरोहण संस्थान मनाली द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से की गई है। हिमाचल की टीम आज बस द्वारा मनाली से जम्मू के लिए रवाना हुई। सोमवार को जम्मू से सभी खिलाड़ी हवाई सेवा द्वारा गुलमर्ग पहुंचेंगे। अटल बिहारी वाजपयी पर्वतरोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी ने बताया कि आज 61 सदस्यों की हिमाचल टीम को अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतरोहण संस्थान के नोडल आफिसर के नेतृत्व में मनाली से रवाना किया। टीम में 51 खिलाड़ी व 10 ऑफि शियल टीम के सदस्य हैं। प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन के सहयोग से टीम का चयन किया गया है। नेगी ने बताया कि सभी खिलाड़ी 21 से 25 तक गुलमर्ग में अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App