खड़ामुख-होली सडक़ 14 घंटे बंद

By: Feb 4th, 2024 12:55 am

भू-स्खलन से एनएच पर गिरी भारी-भरकम चट्टानें;गाडिय़ों के थमे पहिए, लोग परेशान

कार्यालय संवाददाता- भरमौर
खड़ामुख-होली मार्ग पर झिरडू मोड के समीप भू-स्खलन होने से भारी-भरकम चट्टानों के आ गिरने से करीब चौदह घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। लोक निर्माण विभाग ने जेएसडब्ल्यू पावर प्रोजेक्ट ने कड़ी मशक्कत से भारी-भरकम चट्टानों को हटाकर शनिवार दोपहर बाद मार्ग पर यातायात बहाल करवाया। होली मार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। शनिवार को मार्ग बंद रहने के चलते रोजमर्रा जरूरत की वस्तुओं की सप्लाई होली नहीं पहुंच पाई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात झिरडू मोड़ के पास अचानक पहाड़ी के दरकने से चट्टानें व मलबा मार्ग पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि इस दौरान मार्ग से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। अन्यथा जान व माल के नुकसान की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता था। सूचना पाते ही लोक निर्माण विभाग के अमले ने मौके पर पहुंचकर चट्टानें व मलबा हटाकर यातायात बहाल करने को लेकर युद्धस्तर पर काम छेड़ दिया।

चट्टानें-मलबा हटाकर यातायात किया बहाल
लोक निर्माण विभाग गरोला उपमंडल के सहायक अभियंता बीएस चौहान ने बताया कि झिरडू मोड के पास भू-स्ख्लन होने से होली मार्ग पर यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने बताया कि चट्टानें व मलबा हटाकर शनिवार दोपहर बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया गया है। मार्ग पर यातायात बहाली में जेएसडब्ल्यू पावर प्रोजेक्ट ने भी सहयोग किया। शनिवार दोपहर दो बजे बाद होली मार्ग पर यातायात बहाल हो पाया।

चंबा में बारिश-बर्फबारी के बाद शीतलहर
चंबा— पर्यटन स्थल जोत में दो दिन आधा फुट ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी व बारिश के कारण समूचा चंबा जिला कडाके की ठंड की चपेट में आ गया है। उधर, जनजातीय उपमंडल पांगी मुख्यालय किलाड़ में दो दिनों में करीब छह इंच और ऊपरी क्षेत्रों में एक से डेढ़ फुट ताजा बर्फबारी हुई है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने आग का सहाया लिया। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App