भगवा दल में हमीरपुर को छोड़ कोई टिकट पक्का नहीं, हिमाचल भाजपा इस बार बदल सकती है चेहरे

By: Feb 8th, 2024 12:08 am

दस फरवरी को संसद सत्र खत्म होते ही बैठकों का दौर

प्रभारी का प्रवास शुरू होगा वोट शेयर बढ़ाने की चुनौती

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

लोकसभा चुनाव में हिमाचल भाजपा इस बार चेहरे बदल सकती है। कुल चार संसदीय सीटों में से सिर्फ हमीरपुर संसदीय सीट पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की उम्मीदवारी पक्की है। बाकी अन्य तीन सीटों पर प्रत्याशी बदले भी जा सकते हैं। मंडी सीट पर वैसे ही भाजपा का सांसद नहीं है और कांगड़ा तथा शिमला सीट को लेकर या तो सर्वे की फीडबैक से फैसला होगा या फिर नारी शक्तिवंदन अधिनियम के पारित होने के बाद भी गणित बदल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ाने पर फोकस करते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में हिमाचल में भी टिकट अंतिम वक्त पर इसी कारण बदले गए थे। महिला आरक्षण बेशक अभी देरी से लागू होना हो, लेकिन प्रधानमंत्री अपने इरादे पहले जाहिर कर सकते हैं। भाजपा के नेता कहते हैं कि दिल्ली में संसद का सत्र दस फरवरी को समाप्त हो जाएगा। उसके बाद हिमाचल में भी प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं शुरू होंगी।

तब तक पार्टी की ओर से करवाए जा रहे सर्वे भी पूरे हो जाएंगे। पार्टी ने लोकसभा चुनाव के प्रभारी के तौर पर उत्तर प्रदेश से श्रीकांत शर्मा की नियुक्ति कर दी है और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कांगड़ा बैठक में संसदीय क्षेत्रवार चुनावी कार्यालय खोलने से लेकर मंडल तक वर्कशॉप करने के निर्देश दे चुके हैं। संसद के बजट सत्र के खत्म होते ही लोकसभा प्रभारी का प्रवास भी हिमाचल में शुरू होगा। इसी के साथ प्रत्याशियों पर भी बातचीत शुरू हो जाएगी। भाजपा के शीर्ष नेता बताते हैं कि अन्य दलों के नाराज नेताओं के साथ भी संपर्क है। चुनाव से पहले इसमें क्या नतीजा निकलेगा, यह वक्त बताएगा। भाजपा के लिए इस बार वोट शेयर बढ़ाना भी चुनौती होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App