भाजपा महिला मोर्चा की तैयारियां तेज

By: Feb 28th, 2024 12:17 am

मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष वंदना योगी ने पदाधिकारियों में भरा जोश, शक्ति वंदन मैराथन चार को

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
भाजपा महिला मोर्चा ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बिलासपुर में महिला मोर्चा के जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष शैलजा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष वंदना योगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी चार मार्च को जिला स्तर पर शक्ति वंदन मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। राष्ट्र हित में यह दौड़ गैर राजनीतिक होगी, जिसमें महिलाओं समेत सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं पांच मार्च को शक्ति वंदन यात्रा निकाली जाएगी। कई अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। वंदना योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं गतिशील नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में जहां देश का चहुंमुखी विकास हुआ है, वहीं हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण योजनाएं भी शुरू की गई हैं।

फिर एक बार मोदी सरकार और अब की बार-400 पार का नारा बुलंद करते हुए उन्होंने मोर्चा की पदाधिकारियों को टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि सखी निर्माण के तहत बूथ स्तर पर पांच-पांच महिलाओं को संगठन से जोड़ें। जिला अध्यक्ष शैलजा शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि उनके दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी कार्यक्रमों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। भाजपा के जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने कहा कि महिला मोर्चा का पार्टी में विशेष स्थान है। नारी शक्ति की सहभागिता से भाजपा 400 प्लस का लक्ष्य अवश्य हासिल करेगी। बैठक में मोर्चा की जिला महासचिव रचना ठाकुर, मीना वशिष्ठ, प्रदेश सचिव शीतल भारद्वाज, सह प्रभारी अंजना व नीना कौशल, कमलेश, सचिव कांता, प्रोमिला चंदेल, रक्षा, मीना व झंडूता की महासचिव चंपा चंदेल समेत कई अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App