सीयू में विश्व रेडियो दिवस पर कार्यशाला, महेंद्रगढ़ में आकाशवाणी दिल्ली के पूर्व अतिरिक्त महानिदेशक ने रखे विचार

By: Feb 14th, 2024 12:06 am

निजी संवाददाता — नारनौल

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ में विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर भारत को सूचित, शिक्षित एवं मनोरंजन में रेडियो की भूमिका विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार की प्रेरणा व मार्गदर्शन में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में आकाशवाणी दिल्ली के पूर्व अतिरिक्त महानिदेशक राजीव कुमार शुक्ला ने कहा है कि रेडियो ने भारत की भाषा, बोली, संवाद परंपरा व संस्कृतियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज देश की हर बोली व भाषा किसी न किसी आवाज के रूप में आकाशवाणी स्टूडियों में संरक्षित है। श्री शुक्ला ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि रेडियो भारत के लोगों का एक अच्छा दोस्त व सहयात्री है।

भारत के जनमानस को सूचितए शिक्षित व उसका मनोरंजन करने में रेडियो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के लोगों को वोट के लिए प्रेरित कर भारत में लोकतंत्र स्थापित करने की बात हो या भारत में हरित क्रांति का विकास। सही अर्थों में रेडियो हरित क्रांति का एक बड़ा हीरो रहा है। रेडियो व दूरदर्शन के बिना भारत के विकास की कल्पना करना संभव नहीं है। कार्यशाला में आकाशवाणी में सीनियर प्रोडयूसर एवं समर्थ इंडिया फाउंडेशन के सीईओ संजय अग्रवाल ने बताया कि आकाशवाणी ने भारत की जनता व उसके लोगों को भाषा एवं संस्कृति का संस्कार दिया है। उन्होंने कहा कि रेडियो भारत में सूचना, शिक्षा एवं मनोरंजन का बड़ा माध्यम है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App