महिला सम्मान के लिए सडक़ पर भाजपा; मंडी में कांग्रेस के खिलाफ रोष रैली, कई नेता हुए शामिल

By: Mar 28th, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी

भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को लेकर कांग्रेस नेत्री द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर जहां चुनाव आयोग ने नोटिस जारी करते हुए संज्ञान लिया है, वहीं भाजपा भी इस मुद्दे को चुनावों में कांग्रेस के खिलाफ बड़ा हथियार बनाने जा रही है। इसके लिए भाजपा ने बुधवार को महिला सम्मान को लेकर कांग्रेस के खिलाफ रोष रैली निकालते हुए सडक़ों पर उतर कर इसकी शुरुआत कर दी है। भाजपा इस मुद्दे को लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चारों सीटों पर जोर-शोर से उठाते हुए महिला मतदाताओं को अपने साथ करने का प्रयास करेगी। इसी रोष रैली के बहाने भाजपा ने मंडी सीट पर अब चुनावी उदघोष भी कर दिया है। इस रोष रैली में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।

रोष रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। रोष रैली में कंगना के पिता अमरदीप सिंह रणौत भी शामिल हुए। रैली में भाजपा के मंडी व कुल्लू जिला के सभी विधायक, विधानसभा प्रत्याशी और अन्य नेता शामिल रहे। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं का अपमान करने वाली कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वे कभी नारी शक्ति का सम्मान नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कंगना का नहीं बल्कि पूरे महिला समाज और प्रदेश व देश भर की महिला शक्ति को अपमान किया है। इसका हिसाब कांग्रेस से महिला शक्ति लोक सभा चुनाव के दौरान करेगी।

मंडी की बेटी के अपमान का बदला न सिर्फ मंडी, बल्कि पूरे प्रदेश और देश की जनता लेगी। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में महिला आयोग के माध्यम से चुनाव आयोग को शिकायत भेजी गई है और चुनाव आयोग से जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इस मौके पर उनके साथ मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवम पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत के पिता अमरदीप सिंह रणौत, भाजपा विधायक अनिल शर्मा, राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, सुरेंद्र शौरी, इंद्र सिंह गांधी, प्रकाश राणा, दलीप कुमार, दीपराज, पूर्ण चंद ठाकुर, निहाल चंद शर्मा, हीरालाल, पायल वैद्य और चमन कपूर सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

नहीं आए महेश्वर सिंह-अजय राणा-बिग्रेडियर खुशाल

कंगना को टिकट मिलने के बाद भाजपा के कई तलबगार पार्टी के निर्णय से नाराज चल रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी ने खुलकर सामने आकर पार्टी हाईकमान के निर्णय का विरोध नहीं किया है, लेकिन इन लोगों की नाराजगी किसी से छिपी नहीं है। बुधवार को मंडी में हुई रैली में भाजपा नेता महेश्वर सिंह, अजय राणा और उप चुनाव में प्रत्याशी बिग्रेडियर खुशाल ठाकुर नहीं पहुंचे।

कंगना के पिता बोले, बेटी पर टिप्पणी से दुखी हंू

रैली में कंगना रणौत के पिता अमरदीप सिंह रणौत भी शामिल रहे। उन्होंने ने भी इस प्रदर्शन में शामिल होते हुए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने इस दौरान कहा कि उनकी बेटी को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की जा रही टिप्पणियां कांग्रेस की मानसिकता को दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि मैं इससे आहत हूं। हमारे समाज और संस्कृति में नारी की पूजा की जाती है, लेकिन कांग्रेस नेती ऐसी अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे हैं, जो सहन करते योग्य नहीं हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App