युवाओं को मतदान के लिए जागरूक करेगा भाजयुमो

By: Mar 18th, 2024 12:16 am

प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बोले, लोकतंत्र के महापर्व में युवाओं की भूमिका के लिए चलेगा विशेष अभियान

स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
हिमाचल प्रदेश भाजयुमो अगले माह में होने वाले लोकसभा और विधानसभा के उप चुनावों में प्रदेश के युवाओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भूमिका सुनिश्चित कराने हेतू मतदान के प्रति जागरूक करेगा और उन्हें संविधान के अनुरूप अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतू प्रेरित करेगा। प्रदेश भाजयुमो के अध्यक्ष तिलकराज ने रविवार को अर्की में पत्रकारों से संबोधित होते हुए कहा कि प्रदेश भाजयुमो समाज और देश के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि प्रदेश भाजयुमो द्वारा गत वर्ष लगाए गए रक्तदान शिविरों में लगभग 1500 युनिट रक्त दान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त पौधारोपण और स्वच्छता आदि कार्यक्रमों में भी भाजयुमो सदैव आगे रहा है। प्रदेशाध्यक्ष ने वर्तमान प्रदेश कांगेस सरकार पर बरसते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश के युवाओं के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने चुनावों के दौरान युवाओं से वादा किया था कि कांगेस की सरकार बनते ही पहली ही कैबिनेट में प्रदेश के युवाओं को एक साल में एक लाख नौकरियां देंगे। परंतु प्रदेश की कांगेस सरकार ने युवाओं के साथ छल किया है।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि क्योंकि अब चुनावों की घोषणा हो चुकी है अत: प्रदेश का युवा कांग्रेस सरकार के प्रति अपना रोष वोट के माध्यम से प्रकट करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजयुमो की प्रत्येक मंडल का कार्यकर्ता पार्टी के एक योद्धा के रूप में क्षेत्र में उतर कर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत जनकल्याणकारी योजनाओं को जन -जन तक पहुंचाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App