चंबा-तीसा सडक़ तीन घंटे बंद… लोग परेशान

By: Mar 15th, 2024 12:55 am

चांजू नाले के पास भू-स्खलन होने से मार्ग पर मलबा और पत्थर गिरने से दोनों ओर लगी लंबी कतारें
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चंबा-तीसा मार्ग पर चांजू नाला व कपाहड़ी के पास भू-स्खलन होने से गुरुवार को करीब तीन घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीनों के जरिए मार्ग से भारी भरकम चट्टानें व मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया। तीसा मार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद ही बीच राह में फंसे वाहनों ने गंतव्य की राह पकड़ी। जानकारी के अनुसार गत देर रात हुई भारी बारिश के कारण चांजू नाला के पास मलबा व पत्थर आ गिरने से वाहनों मार्ग बंद हो गया। लोक निर्माण विभाग ने गुरूवार सवेरे ही मार्ग से पत्थर व चट्टानें हटाने का काम आरंभ कर दिया। चांजू नाला पर यातायात बहाल के दौरान ही कपाहड़ी के पास पहाड़ी दरक गई। लोक निर्माण विभाग ने दोनों जगह से मलबा व पत्थर हटाकर सवेरे ग्यारह बजे के करीब यातायात को बहाल करने में सफलता हासिल की।

क्या बोले तीसा मंडल के एक्सईएन जोगिंद्र शर्मा

लोक निर्माण विभाग तीसा मंडल के एक्सईएन जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि तीसा मार्ग पर चांजू व कपाहड़ी नाला के पास भू-स्खलन होने से यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने बताया कि मार्ग से पत्थर व मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App