कसौली में सीएम सुक्खू पर फूलों की बारिश

By: Mar 2nd, 2024 12:57 am

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा क्षेत्र में 88.78 करोड़ रुपए की 13 विकासात्मक परियोजनाओं के किए लोकार्पण और शिलान्यास

निजी संवाददाता-सोलन
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और लोगों ने जमकर स्वागत किया। कांग्रेस कार्यकर्तओं द्वारा ढोल नगाड़ों के साथ लोगों ने सुक्खू जिंदाबाद के नारे लगाए और उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान शहर की विभिन्न मार्गों में लोगों ने कतारबद्ध होकर अपने प्रिय मुख्यमंत्री पर पुष्पों की वर्षा, पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने एक दिवसीय दौरे पर कसौली में 88.78 करोड़ रुपए की 13 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आम लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए वर्तमान राज्य सरकार ने बिना किसी मांग के अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। अपने पहले बजट में राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के प्रयास किए, जबकि इस बार दूसरे बजट में आम लोगों के हित के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि न्यूनतम दिहाड़ी बढ़ाकर 400 रुपए की, विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च उठाने के लिए राज्य सरकार योजना लाई तथा दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों के तहत आज प्रदेश के 4000 अनाथ बच्चे सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, मैं आपके लिए आया हूं, आपके लिए काम करूंगा और षडय़ंत्रों से डरने वाला नहीं। प्रदेश की संपदा को किसी भी कीमत पर लुटने नहीं दूंगा। जो ईमान बेचकर आए हों, वो क्या सेवा करेंगे। धन नहीं, बल्कि जनता ही वर्तमान राज्य सरकार की ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 माह के कार्यकाल में प्रदेश की आथिर्क स्थिति को सुदृढ़ करने का सरकार ने प्रयास किया है। पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदा के कारण हजारों घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए। आम परिवार की भावना को अच्छी तरह से जानता हूं क्योंकि मैं स्वयं आम परिवार से आया हूं, इसलिए नियमों को बदल कर आपदा में 1.30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता को बढ़ाकर 7 लाख रुपए किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री के बोल, लोकतंत्र का गला घोंटने वालों को मिला मुंह तोड़ जवाब
स्वास्थ्य मंत्री डा. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने कहा कि लोकतंत्र बलिदानों से मिला है और लोकतंत्र संविधान के अनुरूप चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लालची लोगों ने लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया, जिसका मुंह तोड़ जवाब दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुबह का भूला शाम को घर वापस आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते। उन्होंने कहा कि सीएम द्वारा लाई जा रही योजनाएं राजनीति के लिए नहीं, बल्कि लोगों की सेवा में लाई गई हैं।

सीपीएस राम कुमार बोले, सत्ता के भूखे लोग उड़ा रहे लोकतंत्र की धज्जियां
सीपीएम चौधरी राम कुमार ने कहा कि सत्ता के भूखे लोगों ने लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ईमानदारी से लोगों की सेवा कर रहे हैं और सरकार पूरे पांच साल तक चलेगी। पिछले 14 माह में राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। मुख्यमंत्री ईमानदारी से लोगों के काम करने में विश्वास रखते हैं और वे सभी विधायकों द्वारा बताए गए जनहित के र्कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर रहे हैं।

धन-बल से प्रदेश की सत्ता हथियाने की कोशिश निंदनीय
सीपीएस संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के साथ लाखों लोगों की दुआएं और देवी-देवताओं का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि धन-बल से सरकार को अस्थिर कर सत्ता को हथियाने की कोशिश की गई, जो निंदनीय है। आने वाली पीढिय़ां इस घटना को इतिहास में एक काले अध्याय के रूप में याद रखेगी और इससे पूरा प्रदेश शर्मसार हुआ है। उन्होंने कहा कि 14 माह में वर्तमान सरकार ने चार चुनावी गारंटियां पूरी की हैं और आने वाले समय में सभी गारंटियां चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी।

विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने सीएम को कहा थैंक्स
स्थानीय विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री एक योद्धा होने के साथ-साथ ईमानदार नेता हैं, जिन्हें संकट के समय भगवान का आशीर्वाद मिला। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि कुछ साथियों ने उन्हें धोखा दिया है, लेकिन आज सभी विधायक मुख्यमंत्री के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कसौली का विधायक बिकाऊ नहीं है और हम सभी हिमाचल के स्वाभिमान को बना कर रखेंगे। उन्होंने कसौली के लिए 88.78 करोड़ की परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कसौली को जल शक्ति मंडल और सुबाथू को कालेज
मुख्यमंत्री ने कसौली विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग का मंडल और सुबाथू में डिग्री कालेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जहां विधायक जमीन उपलब्ध करवाएंगे, वहां खेल का मैदान बनाया जाएगा और इसके लिए समुचित धन उपलब्ध करवाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App