अच्छी सडक़ें, गरीबों का उत्थान, देश का विकास ही सपना

By: Mar 5th, 2024 12:17 am

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बोले, प्रधानमंत्री चुनावों की बजाय देश के विकास की ज्यादा करते हैं चिंता

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव की चिंता की बजाय देश की चिंता करते हैं। अनुराग ठाकुर हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत सलोह गांव में आयोजित भाजपा के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया की उम्मीदें भारत पर हैं। हम आज सबसे तेजी से बढऩे वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था हैं। हमें कई क्षेत्रों में अभी काफी आगे जाना है। कैसे भारत की सडक़े दुनिया में सबसे अच्छी हो, कैसे गरीबों का उद्धार हो, कैसे हमारी प्रति व्यक्ति आय 2047 तक 18000 डॉलर यानी सालाना 17 लख रुपए से ज्यादा हो, कितनी रेल चलनी चाहिए, कितनी पटरी बिछनी चाहिए, कितनी तेजी से ट्रेनों का संचालन होना चाहिए, कितने और हवाई अड्डे बनने चाहिए, कितनी और हवाई जहाज बनाने वाली कंपनियां भारत में निर्माण करें, यह सब कैसे संभव हो? हम कैसे नई टेक्नोलॉजी का उपयोग करें, लोगों के जीवन में बदलाव कैसे आए? कितने अस्पताल और मेडिकल कॉलेज और खुले? कितने स्कूल हों, कैसे हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले? नई शिक्षा नीति जन-जन तक कैसे पहुंचे? ऐसे अनेक विषयों पर कल जब चर्चा हुई तो मन ही मन में बेहद प्रसन्नता हुई कि कैसे देश ने हमें आज मोदी जी जैसा एक नेता दिया है।

अनुराग ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों के लिए मैदान में डट जाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की दस सालों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता डट जाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दस सालों में देश की दशा व दिशा बदली है। दस साल पहले केंद्र की यूपीए सरकार को भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता था,लेकिन मोदी सरकार ने दस सालों में गरीबों के उत्थान के लिए अनेकों योजनाओं को जमीन पर उतार कर भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक बलबीर चौधरी,भाजपा नेता प्रो.रामकुमार,हरोली भाजपा मंडलाध्यक्ष गुलविंद्र गोल्डी,महिला मोर्चा अध्यक्ष अनु ठाकुर,डा.सतीश शर्मा,देसराज राणा,धमेंद्र मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App