सरकार ने महिलाओं को 1500 रुपए देकर पूरी की गारंटी

By: Mar 16th, 2024 12:16 am

प्रदेश कांग्रेस लीगल सैल के प्रदेश महासचिव विकास कश्यप बोले, सम्मान निधि के रूप में दी जाएगी पेंशन

स्टाफ रिपोर्टर-अंब
प्रदेश कांग्रेस लीगल सैल के प्रदेश महासचिव एवं अधिवक्ता विकास कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को 1500 पेंशन देकर अपनी गारंटी पूरी की है। यह पैंशन प्रदेश की महिलाओं को सम्मान निधि के रूप में दी जाएगी। प्रदेश की सुक्खू सरकार ने केवल 15 माह के अल्प कार्यकाल में ही अपनी पांच गारंटियां पूरी कर दी है और मुख्यमंत्री ने बाकी बची गारंटियों को भी जल्द पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गिराने की साजिश रचने वाले बागी कांग्रसी नेताओं के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। शुक्रवार को यहां आयोजित पत्रकारवार्ता में विकास कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन की सौगात देकर अपनी चुनावी गारंटी पूरी की है।

जनता ने इन विधायकों को जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए चुना था, लेकिन ये विधायक अपना राजधर्म भूलकर अपने निजी हित साधने में जुट गए। चाहिए तो यह था कि ये लोग जनता की समस्याओं की चिंता करते, लेकिन जनहित को भूलकर ये खुद को ऐसा मसीहा समझने की भूल कर बैठे कि जैसे सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार इनके रहम-मो-कर्म पर ही बनी है। उन्होंने दावा किया कि अगर ये विधायक कांग्रेस टिकट की बजाय आजाद चुनाव मैदान में उतरते तो इनका अपनी लोकप्रियता का भ्रम भी टूट जाता। ये लोग भूल बैठे थे कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व्यक्तिगत हित साधने के लिए सत्ता में नहीं आए हैं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए सत्ता में आए हैं। जिस व्यक्ति ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी पद की लालसा नहीं की। जो खुद पदों को ठुकराता रहा उस व्यक्ति को पदच्युत करने का डरावा दिखाने की ये लोग गलती कर बैठे। उन्होंने कहा कि अगर इन अयोग्य करार दिए गए विधायकों को अपनी लोकप्रियता का इतना घमंड हैं तो फिर उच्चतम न्यायालय की शरण में जाने से अच्छा होता कि ये लोग जनता की अदालत में जाते। तब इनका अपनी लोकप्रियता का भी भ्रम टूट जाता। उन्होंने दावा कि किया छह के छह विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस फिर से जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश का विकास करवा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App