कांगड़ा में होली का जश्न… खूब उड़ा गुलाल

By: Mar 25th, 2024 12:18 am

धर्मशाला सहित जिला भर में धूमधाम से मनाई होली, एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर दी बधाई

नगर संवाददाता – मकलोडगंज
धर्मशाला सहित जिलाभर में छोटी होली का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर बधाई दी। छोटी होली को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। बच्चे आने-जाने वालों पर रंग-गुलाल और गुब्बारे फोड़ते नजर आए। शहर में कई स्थानों पर होलिका सजाई गई है। वहीं बाजारों में भी भीड़ नजर आई। लोग होली के रंग, पिचकारी खरीदते हुए नजर आए। बाजार में बच्चों के लिए खिलौने, टेढ़ी बियर सहित अन्य कई प्रकार की पिचकारियां आई हुई है। इसके अलावा तरह-तरह के रंग आए हुए हैं, जिसमें कैमिकल से लेकर प्राकृतिक रंग शामिल थे। जिलेभर में रंगों का पर्व होली पर सुबह से ही ढोल मजीरे की थाप पर युवाओं की टोली क्षेत्र में भ्रमण पर निकल गई। होली पर बच्चों सहित बुजुर्गों का उल्लास देखते ही बन रहा था।

नीला पीला हरा गुलाबी कच्चा पक्का रंग से रंगे नागरिक गले मिलकर एक दूसरे को बधाईयां दीं। रंगों के इस अनूठे पर्व को मनाने में महिलाएं व बच्चियां भी पीछे नहीं दिखीं। महिलाएं भी ग्रुप बनाकर होली खेलीं। कई मोहल्लों में तो उत्साही युवाओं की टोलियांं द्वारा डीजे की धुन पर थिरकते हुए होली मनाई गई। लोगों ने आपसी भाईचारे के साथ ही इस त्योहार पर एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा कर मनाई। धर्मशाला के साथ-साथ जिलाभर में इस वर्ष होली पर गुलाल वाले सिलिंडरों होली के त्योहार का मजा दोगुना कर दिया। बाजार में गुलाल वाले सिलिंडर विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 500 से 1500 रुपए तक के गुलाल वाले सिलेंडर बाजार में बिक्री के लिए रखे गए हैं। होली के दिन एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर खुशियां साझा की जाती है। बाजार में 100 ग्राम के 200 के गुलाल वाले सिलिंडर से लेकर छह किलोग्राम के 1500 रुपए वाले गुलाल के सिलेंडर उपलब्ध हैं। इस वर्ष यह गुलाल वाले सिलेंडर बच्चों को लुभा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App