परमाणु हथियार बनाने का सामान लेकर पाक जा रहा चीनी जहाज भारत ने रोका, जहाज में लदी थीं सीएनसी मशीनें

By: Mar 3rd, 2024 12:06 am

जहाज में लदी थीं सीएनसी मशीनें; मिसाइल बनाने के आती हैं काम, प्रसार पर है रोक

एजेंसियां — मुंबई

चीन से पाकिस्तान जा रहे एक जहाज को भारत ने मुंबई के न्हावा शेवा पोर्ट पर में रोक लिया है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि इस जहाज में कुछ ऐसा है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए किया जा सकता था। कस्टम अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर माल्टा के झंडे वाले व्यापारिक जहाज सीएमए सीजीएम अत्तिला को बंदरगाह पर रोका। जांच के दौरान इसमें कम्प्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (सीएनसी) मशीन भी मिली, जिसे एक इटैलियन कंपनी ने बनाया था। सीएनसी मशीनों को कम्प्यूटर से कंट्रोल किया जाता है, ऐसा मैनुअली करना पॉसिबल नहीं है। डीआरडीओ की एक टीम ने भी जहाज में लदी खेप का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि जहाज में लदी चीजों का इस्तेमाल पड़ोसी देश अपने परमाणु कार्यक्रम के लिए कर सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह इक्विपमेंट पाकिस्तान के मिसाइल विकास कार्यक्रम में महत्त्वपूर्ण हो सकता है। गौरतलब है कि 1996 के बाद से सीएनसी मशीनों को वासेनार अरेंजमेंट में शामिल किया गया है। यह एक इंटरनेशनल आम्र्स कंट्रोल है, जिसका उद्देश्य नागरिक और सैन्य उपयोग दोनों के साथ उपकरणों के प्रसार को रोकना है। गौरतलब है कि सीएनसी मशीनों का इस्तेमाल उत्तरी कोरिया में न्यूक्लियर प्रोग्राम्स के लिए किया गया था। मुंबई पोर्ट के अधिकारियों ने भारतीय सुरक्षा अधिकारियों को इस बारे में अलर्ट किया था। इसके बाद निरीक्षण किया गया और कंसाइनमेंट को सीज कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में संकेत मिले हैं कि 22,180 किलोग्राम वजन की खेप ताइयुआन माइनिंग इंपोर्ट एंड एक्सपोर्ट कंपनी लिमिटेड द्वारा भेजी गई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App