विशेष

होली पर चंद्रग्रहण, इन तीन राशियों के लिए है अशुभ, क्या-क्या पड़ेगा प्रभाव, पढ़ें विस्तार से

By: Mar 22nd, 2024 4:29 pm

सुनील दत्त—जवाली

मार्च के महीने में साल का पहला चंद्रग्रहण लगने जा रहा है। यह चंद्रग्रहण 25 मार्च 2024 को लगेगा। इसी दिन होली का त्योहार भी है। वैसे तो चंद्रग्रहण एक भौगोलिक घटना है, लेकिन ज्योतिष की दृष्टि से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि पूर्णिमा की रात राहु और केतु चंद्रमा को निगलने की कोशिश करते हैं, इसलिए चंद्रमा पर ग्रहण लगता है। ग्रहण की घटना को शुभ नहीं माना जाता है। इसका असर सभी राशियों पर पड़ता है। ग्रहण के दौरान कई तरह की नकारात्मक शक्तियां भी प्रबल हो जाती हैं जिससे हमारे आसपास की हर चीज प्रभावित होती है।

ज्योतिष क्षेत्र में अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति हासिल कर चुके जवाली के ज्योतिषी पंडित विपन शर्मा ने कहा कि इस वर्ष होली 25 मार्च, सोमवार को मनाई जाएगी। 24 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा और 25 मार्च को रंग खेला जाएगा। इस वर्ष होली के दिन वर्ष का पहला चंद्र ग्रहण लगने वाला है। उन्होंने कहा कि चंद्रग्रहण 25 मार्च को सुबह 10 बजकर 30 मिनट से शुरू होगा जोकि दोपहर 3 बजकर 02 मिनट तक रहेगा। भारत में यह चंद्रग्रहण दिखाई नहीं देगा लेकिन जब भी इस प्रकार की कोई खगोलीय घटना होती है तो उसका प्रभाव सारे ब्रह्मांड पर पड़ता है। होली पर लगने वाले चंद्रग्रहण को इस वर्ष अमरीका, जापान, रूस के कुछ हिस्सों, स्पेन, इटली, पुर्तगाल, आयरलैंड आदि देशों और उनके शहरों में देखा जा सकेगा।

इन राशियों को अशुभ
कर्क—कर्क राशि के जातकों के लिए साल का पहला चंद्रग्रहण अच्छा नहीं कहा जा सकता है। इस राशि के लोगों को कुछ नुकसान और कार्यों में तरह-तरह की बाधाएं आ सकती हैं। धन हानि के संकेत हैं और सेहत से संबंधित कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। छोटी-मोटी चोट लगने की संभावना है और मन किसी बात को लेकर परेशान हो सकता है। भाग्य का अच्छा साथ नहीं मिलेगा जिससे काम रूक सकते हैं।

वृश्चिक—वृश्चिक राशि के जातकों के लिए चंद्रग्रहण शुभ नहीं रहेगा। सेहत में गिरावट देखने को मिल सकती है। लेन-देन में किसी के साथ कोई विवाद हो सकता है। आपके ऊपर किसी तरह का झूठा आरोप लग सकता है। आपको इस दिन किसी भी तरह का कोई नया कार्य करने से बचना होगा। वैवाहिक जीवन में कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

मीन—मीन राशि के जातकों पर चंद्रग्रहण का बुरा असर पड़ सकता है। आपको इस दिन विशेष सावधानी बरतनी होगी। वाहन चलाते समय आपको अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। नौकरीपेशा जातकों को कार्यक्षेत्र में काम का बोझ बढऩे से मन परेशान रह सकता है। व्यापार में नुकसान या भी साझेदार के साथ किसी बात को लेकर मनमुटाव हो सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App