मेगा कैंप…5312 लोगों की नि:शुल्क जांची सेहत

By: Mar 11th, 2024 12:16 am

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मोबाइल स्वास्थ सेवा के दस लाख लाभार्थी पूरा होने पर लोगों को दी सुविधा, 3463 लोगों को चश्मों की सौगात

दिव्य हिमाचल टीम-देहरा, हरिपुर
केंद्रीय सूचना प्रसारण व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सांसद मोबाइल स्वास्थ सेवा के दस लाख लाभार्थी पूरा होने पर देहरा में हिमाचल प्रदेश का अब तक का सबसे बड़े मेडिकल कैंप का आयोजन करवाया। इसमें 5312 लोगों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। अनुराग सिंह ठाकुर ने दस लाख ओपीडी सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए अस्पताल सेवा के माध्यम से जनसेवा के कार्य को निरंतर आगे चलते रहने की बात कही है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, नीति आयोग के डा. वीके पॉल, गंगाराम अस्पताल से चेयरमैन डा. डीएस राणा व देश भर से 50 से अधिक विशेषज्ञ डाक्टरों की उपस्थिति रही। अनुराग ठाकुर ने डा. वीके पॉल व गंगाराम अस्पताल से चेयरमैन डा. डीएस राणा को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्वास्थ्य सेवा एक्सिलेंस अवॉर्ड से सम्मानित भी किया। अनुराग सिंह ठाकुर के निजी प्रयास से क्षेत्र के 20 दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग भी नि:शुल्क प्रदान किए गए, जो न्यूमैटिक सॉकेट पर आधारित हैं जिनकी कीमत लाखों मे हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में ऑपरेट कर आठ लाख किलोमीटर चलना और 6400 से ज्यादा गावों में दस लाख से ज्यादा मरीजों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर उनके लगभग 50 करोड़ रुपए की बचत करवा पाने का सौभाग्य मिलना मेरे लिए बहुत ही संतोषजनक है। सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से आपके घर तक पहुंच कर जनसेवा का यह कार्य निरंतर आगे चलता रहेगा। कैंप में 3463 लोगों को मुफ़्त में चश्मे भी दिए गए। इसके बाद हरिपुर उपडाकघर के नवनिर्मित विभागीय भवन का केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल एवं युवा मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा लोकार्पण किया गया। लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने डाक विभाग में पिछले गत वर्षों में शुरू की गई आधुनिक योजनाओं व लोगों के कल्याण हेतु विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। हरिपुर डाकघर को 1934 में शुरू किया गया था तथा आज इस डाकघर को 90 वर्षों के बाद अपना स्थायी भवन मिल गया है। इस भवन को बनाने में लगभग 31 लाख का खर्चा आया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App