नगर पंचायत गगरेट के अध्यक्ष का इस्तीफा

By: Mar 14th, 2024 12:16 am

सुरेंद्र जसवाल ने निजी कारणों का हवाला देते हुए दिया पद से इस्तीफा

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
नगर पंचायत गगरेट में हुए एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में नगर पंचायत गगरेट के अध्यक्ष सुरेंद्र जसवाल तोतू ने अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपने त्यागपत्र की वजह व्यक्तिगत कारण बताया है। सुरेंद्र जसवाल तोतू प्रतिबंधित दवा तस्करी प्रकरण में जेल में बंद वीरेंद्र कुमार को अध्यक्ष पद से पदच्युत कर अध्यक्ष पद पर विराजमान हुए थे। सुरेंद्र जसवाल तोतू द्वारा दिए गए त्याग-पत्र को नगर पंचायत सचिव सुषमा देवी ने आगामी कार्रवाई के लिए उपायुक्त ऊना को प्रेषित कर दिया है। नगर पंचायत गगरेट के अध्यक्ष सुरेंद्र जसवाल तोतू इससे पहले नगर पंचायत गगरेट में उपाध्यक्ष के पद पर भी रह चुके हैं।

इस बार वीरेंद्र कुमार के नगर पंचायत पद पर विराजमान होने के बाद नगर पंचायत पार्षदों द्वारा उसके विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद सुरेंद्र जसवाल तोतू की ताजपोशी अध्यक्ष पद के लिए हुई थी। अपने दो साल के अल्पकाल में ही सुरेंद्र जसवाल तोतू अपनी कार्यशैली से नगरवासियों के दिल में जगह बनाने में कामयाब रहे थे। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड के समीप नगरवासियों के लिए एक पार्क का निर्माण करवाया तो नगर पंचायत में भी कई विकास कार्यों को तरजीह दी। उनके पास अपना काम लेकर कोई भी गया उन्होंने किसी को निराश नहीं लौटाया। हालांकि अब उन्होंने अब पद का दायित्व संभालने में असमर्थता जताई है और निजी कारणों का हवाला देते अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। वह बतौर पार्षद नगर पंचायत में सेवाएं देते रहेंगे।

डीसी ऊना को भेजा रिजाइन

सुरेंद्र जसवाल तोतू का त्याग-पत्र अगर स्वीकार हो जाता है तो अध्यक्ष पद के लिए पार्षद अनिल कुमार भी प्रबल दावेदारों में एक माने जा रहे हैं। सुरेंद्र जसवाल तोतू के अध्यक्ष रहते हुए भी सुरेंद्र तोतू व अनिल कुमार की जोड़ी खूब मशहूर हुई थी। नगर पंचायत गगरेट की सचिव सुष्मा देवी ने सुरेंद्र जसवाल तोतू के त्याग-पत्र देने की पुष्टि करते हुए बताया कि इस पर आगामी कार्रवाई के लिए इसे उपायुक्त ऊना को प्रेषित कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App