नरेंद्र अत्री चुने समन्वय समिति के प्रमुख

By: Mar 28th, 2024 12:16 am

चुनावों को लेकर भाजपा ने बनाई रणनीति, हमीरपुर जिला भाजपा की समीक्षा बैठक में पहुंचे पार्टी अध्यक्ष डा. बिंदल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर
लोकसभा चुनाव एवं हिमाचल प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव को मद्देनजर रखते हुए भाजपा ने अपनी रूपरेखा तैयार करना आरंभ कर दिया है। इस कड़ी में बुधवार को हमीरपुर जिला मुख्यालय पर भाजपा जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में विशेष रूप से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल उपस्थित रहे। साथ ही प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डाक्टर सिकंदर भी शामिल हुए। इस बैठक में पार्टी के पूर्व कार्यों की समीक्षा की गई एवं आगामी रणनीति के ऊपर भी चर्चा हुई। लोकसभा के आम चुनाव एवं हिमाचल प्रदेश के उप चुनाव में भाजपा की जीत को सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने एक समन्वय समिति का गठन किया।

इसमें तीनों विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर, बड़सर एवं हमीरपुर के लिए भाजपा नेता नरेंद्र अत्री को समन्वय समिति का प्रमुख बनाया गया है। भाजपा मंडल सुजानपुर के लिए जिला भाजपा उपाध्यक्ष विजयपाल सोहारु, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एस.सी. मोर्चा संजीव डोगरा, जिला प्रवक्ता चमन ठाकुर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्यारेलाल शर्मा को नियुक्त किया गया है। वहीं बड़सर भाजपा मंडल के लिए जिला भाजपा उपाध्यक्ष अभयवीर सिंह लवली, पूर्व मंडल अध्यक्ष दलबीर सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल ठाकुर एवं प्रदेश उपाध्यक्ष ओ.बी.सी. मोर्चा रसील सिंह मनकोटिया को जि मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही हमीरपुर भाजपा मंडल के लिए जिला भाजपा सचिव अनिल शर्मा, वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक देवराज शर्मा, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष रघुवीर सिंह ठाकुर एवं प्रदेश आयुष प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ अशोक शर्मा को समन्वय समिति में शामिल किया गया है। इस मौके पर पूर्व विधायक, जिला से प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला भाजपा पदाधिकारी, पांचों मंडलों के अध्यक्ष व महामंत्री, सभी मोर्चा अध्यक्ष उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App