नरम पड़ीं प्रतिभा सिंह, मंडी से हाईकमान पर छोड़ दिया फैसला, कहा- जो आदेश होगा, मंजूर होगा

By: Mar 26th, 2024 5:19 pm

विशेष संवाददाता-शिमला

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह मंडी से लोकसभा चुनाव में उतर सकती हैं। प्रतिभा सिंह ने इसके संकेत दिए हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हाईकमान जो भी फैसला करेगा, वो उन्हें मंजूर होगा। इससे पूर्व भी उन्होंने सभी चुनाव हाईकमान के कहने पर ही लड़े हैं। उपचुनाव में केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार थी।

बावजूद इसके उन्होंने हाईकमान के कहने पर जोखिम उठाया और चुनाव में जीत दर्ज की। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उस समय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन को दो महीने ही हुए थे। लोगों ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर हाईकमान ने उनसे उनकी राय पूछी थी। इस पर उन्होंने चुनाव न लडऩे की अपनी प्रतिक्रिया हाईकमान रख दी थी, लेकिन अभी तक हाईकमान ने हिमाचल की किसी भी सीट को लेकर प्रत्याशी का चयन नहीं किया है। प्रतिभा सिंह पर मंडी से लोकसभा चुनाव लडऩे का बड़ा दबाव है। ऐसे में हाईकमान अब उन्हें मंडी से प्रत्याशी बनाने का फैसला करती हैं, तो वह चुनाव लड़ सकती हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष होने के नाते जितने भी प्रत्याशी होंगे, उनके लिए पूरी मेहनत करेंगे। कांग्रेस ने ही हिमाचल में विकास किया है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही टिकटों पर फैसला लिया जाएगा। हाईकमान के सामने नाम शार्टलिस्ट किए गए हैं। जिन नामों पर सहमति बनेगी, फील्ड में उतरकर काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चारों लोकसभा समेत सभी उपचुनाव इस बार कांग्रेस जीतेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने बारे में हाईकमान के सामने बात रखी है। वे हाईकमान के आदेश का पालन करेंगी। इससे पहले जो भी हाईकमान ने आदेश दिए उन्होंने कभी भी हल्के में नहीं लिए हैं। उन्होंने कहा कि हाईकमान के सामने बात रख दी है जो भी आदेश होंगे उन्हें पूरा किया जाएगा।

कंगना रणौत की भूमिका देखनी होगी
कंगना रणौत एक्ट्रस हैं और वह पहली बार राजनीति में उतरी हैं। उनकी यहां भूमिका कैसी रहेगी, यह देखने वाली बात होगी। कंगना एकदम राजनीति में आ गई हैं। कंगना रणौत के उम्मीदवार घोषित होने के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह यह पहली प्रतिक्रिया आई है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि राजनीति और कलाकारी दोनों अलग बातें हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App