राम जी ने भंग किया शिवधनुष

By: Mar 2nd, 2024 12:24 am

सीता रामायण और रामचरितमानस की मुख्य पात्र है। हिंदू धर्म में इनकी देवी के रूप में पूजा की जाती है। सीता मिथिला के राजा जनक की ज्येष्ठ पुत्री थी। इनका विवाह अयोध्या के राजा दशरथ के ज्येष्ठ पुत्र राम से स्वयंवर में शिवधनुष को भंग करने के उपरांत हुआ था। इनकी स्त्री व पतिव्रता धर्म के कारण इनका नाम आदर से लिया जाता है। त्रेता युग में इन्हें सौभाग्य की देवी लक्ष्मी का अवतार मानते हैं। राजा जनक की पुत्री का नाम सीता इसलिए था कि वे जनक को हल कर्षित रेखाभूमि से प्राप्त हुई थीं। बाद में उनका विवाह भगवान राम से हुआ। वाल्मीकि रामायण में जनक जी सीता की उत्पत्ति की कथा विस्तार से बताते हैं।

सीता का जन्म
मिथिला प्रदेश के राजा जनक के राज्य में एक बार अकाल पडऩे लगा। वे स्वयं हल जोतने लगे। तभी पृथ्वी को फोडक़र सीता निकल आई। जब राजा बीज बो रहे थे तब सीता को धूल में पड़ी पाकर उन्होंने उठा लिया। उन्होंने आकाशवाणी सुनी, ‘यह तुम्हारी धर्मकन्या है।’ तब तक राजा की कोई संतान नहीं थी। उन्होंने उसे पुत्रीवत पाला और अपनी बड़ी रानी को सौंप दिया।

सीता का स्वयंवर
किशोरी सीता के लिए योग्य वर प्राप्त करना कठिन हो गया, क्योंकि सीता ने मानव-योनि से जन्म नहीं लिया था। अंत में राजा जनक ने सीता का स्वयंवर रचा। एक बार दक्ष यक्ष के अवसर पर वरुण देव ने जनक को एक धनुष और बाणों से आपूरित दो तरकश दिए थे। वह धनुष अनेक लोग मिलकर भी हिला नहीं पाते थे। जनक ने घोषणा की कि जो मनुष्य धनुष को उठाकर उसकी प्रत्यंचा चढ़ा देगा, उससे वे सीता का विवाह कर देंगे। राजा इस कसौटी पर असफल रहे तो उन्होंने अपना अपमान जानकर जनकपुरी को तहस-नहस कर डाला। राजा जनक ने तपस्या से देवताओं को प्रसन्न किया तथा उनकी चतुरंगिणी सेना से उन राजाओं को परास्त किया। राजा जनक से यह वृत्तांत जानकर विश्वामित्र ने राम-लक्ष्मण को वह धनुष दिखलाने की इच्छा प्रकट की। जनक की आज्ञा से आठ पहियों वाले संदूक में बंद उस धनुष को पांच हजार वीर ठेल कर लाए। जनक ने कहा कि जिस धनुष को उठाने, प्रत्यंचा चढ़ाने और टंकार करने में देवता, दानव, दैत्य, राक्षस, गंधर्व और किन्नर भी समर्थ नहीं हैं, उसे मनुष्य भला कैसे उठा सकता है! संदूक खोलकर, राजा जनक की अनुमति से, राम ने अत्यंत सहजता से वह धनुष उठाकर चढ़ाया और मध्य से तोड़ डाला।

राम, लक्ष्मण, विश्वामित्र और जनक के अतिरिक्त शेष समस्त उपस्थित गण तत्काल बेहोश हो गए। जनक ने प्रसन्नचित्त सीता का विवाह राम से करने की ठानी और राजा दशरथ को सादर लाने के लिए मंत्रियों को अयोध्या भेजा। राजा दशरथ ने वसिष्ठ, वामदेव तथा अपने मन्त्रियों से सलाह की और विदेह के नगर की ओर प्रस्थान किया। राजा जनक ने अपने भाई कुशध्वज को भी सांकाश्या नगरी से बुला भेजा। राजा दशरथ और जनक ने अपनी वंशावली का पूर्ण परिचय देकर सीता और उर्मिला का विवाह राम और लक्ष्मण से तय कर दिया तथा विश्वामित्र के प्रस्ताव से कुशध्वज की दो सुंदरी कन्याओं मांडवी-श्रुतकीर्ति का विवाह भरत तथा शत्रुघ्न के साथ निश्चित कर दिया। उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में चारों भाइयों का विवाह हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App