शिवराज चौहान का कांग्रेस पर निशाना; कहा, इनके पास न सेना और न सेनापति, राहुल भ्रमित नेता

By: Mar 17th, 2024 7:53 pm

भोपाल – मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विदिशा संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस में न तो दिशा है न ही दृष्टि है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी खुद ही भ्रमित है। श्री चौहान ने आज यहां मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस एक ऐसा दल बन गया है, जिसके पास ना तो सेना बची है और ना ही सेनापति। उन्होंने कहा कि 2019 में श्री गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा था और अमेठी से खुद श्री गांधी चुनाव हार गए थे। अगर इतिहास देखें तो एक के बाद एक लगभग 51 चुनाव कांग्रेस ने हारे हैं। वर्ष 2014 के बाद कई उनके मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस छोड़ दी और कई जगह उन्हें चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। चुनाव लड़ने वालों का टोटा पड़ा हुआ है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस छोड़कर जाने वाले बड़े नेताओं की सूची भी जारी की है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की दशा इतनी खराब है कि उनकी सर्वोच्च नेता श्रीमती सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। राजनीति में उनकी बैक डोर एंट्री हुई है, राज्यसभा में जब कांग्रेस के सर्वोच्च नेता का ही आत्मविश्वास हिल गया हो तो उस पार्टी का क्या होगा इसकी कल्पना की जा सकती है। वहीं, श्री गांधी तो ऐसे कप्तान है जिनको यह तक पता नहीं है कि कब क्या करना चाहिए। जब उन्हें चुनाव की तैयारी करना चाहिए तो वह यात्रा करते हैं, जब यात्रा करनी चाहिए तो विदेश में छुट्टी मनाते हैं और चुनाव में हारने के बाद ईवीएम पर दोष मढ़ते हैं। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस की यह हालत देखकर कांग्रेस के विचारवान नेता लगातार कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं और कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव लगातार हारती चली जा रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा पूरी तरह से तैयार है, भाजपा संपूर्ण प्रखरता से चमकता हुआ सूर्य है तो कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। उन्होंने कहा कि आज वे पूरे विश्वास के साथ यह कह रह हैं कि अबकी बार 400 पार, अब केवल भाजपा का मंत्र और नारा नहीं है, यह जनता की उद्घोषणा है। धारा 370 समाप्त कर जो काम भाजपा ने किया है, इसलिए 370 सीट केवल भाजपा जीतेगी और एनडीए 400 के पार सीटो पर जीत हासिल कर इतिहास रचेगी।

श्री चौहान ने कहा कि लोकतंत्र का महाउत्सव आ गया है, चुनाव का शंखनाद हो चुका है और पूरे देश में उत्साह का वातावरण है, चुनाव में जो वे इस बार उत्साह देख रहे हैं, इसके पहले उन्होंने कभी नहीं देखा। एक बात तय है उन्होंने देश के 10 राज्यों का दौरा किया है, हर राज्य में दक्षिण सहित अभूतपूर्व उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकप्रियता के शिखर पर हैं, वो अद्भुत नेता है। वह केवल चुनाव की नहीं सोचते, आज से ही 2047 की सोच रहे हैं। विकसित भारत का निर्माण उनका संकल्प और गारंटी दोनों है और जनता को यह विश्वास है कि वह इसको पूरा करेंगे, क्योंकि श्री मोदी की गारंटी, गारंटी पूरी होने की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, समृध्द और सम्पन्न विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। हमारा देश लगातार विकास पथ पर अग्रसर है। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और श्री मोदी के तीसरे टर्म में देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App