ढोल-नगाड़ों की ताल, उड़ा गुलाल

By: Mar 24th, 2024 12:55 am

ढालपुर, सरवरी, सुल्तानपुर-अखाड़ा बाजार में छोटी होली पर जमकर झूमे लोग; आज होगा होलिका दहन, बाजार रहेगा बंद

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू
जिला कुल्लू में शनिवार से ही रंगों का त्योहार शुरू हो गया है। रविवार को यहां पर बड़ी होली मनाई जाएगी। रविवार शाम को रघुनाथपुर में होलिका दहन भी किया जाएगा, जिसमें भगवान रघुनाथ की पारंपरिक परंपराओं का भी निर्वाहन किया जाएगा। शनिवार से ही कुल्लू में होली का त्योहार शुरू हो गया है और लोग रंगो के साथ-साथ ढोल नगाड़े की धुन पर भी खूब मस्ती कर रहे हैं। शनिवार को जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर, सरवरी, सुल्तानपुर, अखाड़ा बाजार में लोग ढोल नगाड़ों की धुन पर होली का त्यौहार मनाते रहे और एक दूसरे के घर जाकर रंग लगाया गया। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर भी होली की बधाई दी। कुल्लू में दो दिन पूर्व के होली का त्योहार शुरू हो जाता है और 24 मार्च शाम को यहां पर होली का त्यौहार संपन्न किया जाएगा। इसके अलावा बैरागी समुदाय के लोग भी होली के गीत गाकर एक-दूसरे को होली की बधाई दे रहे हैं। ऐसे में भगवान रघुनाथ के दर्शनों के लिए भी लोग जा रहे हैं। वहां पर भी भगवान रघुनाथ का आशीर्वाद ग्रहण कर रहे हैं।

कुल्लू के स्थानीय निवासी रमेश शर्मा, संजय शर्मा और मनु शर्मा का कहना है कि हमारे यहां पर पारंपरिक रूप से भगवान रघुनाथ को समर्पित होली का त्योहार धूमधाम से शुरू हो गया है। रविवार तक इस होली उत्सव की धूम रहेगी। ऐसे में यहां विभिन्न टोलियों के माध्यम से भी लोग एक-दूसरों के घरों में जाकर होली का त्यौहार मनाते हैं और अखाड़ा बाजार में भी फाग मेले की शुरुआत की जाएगी। अखाड़ा बाजार में फाग मेले के अवसर पर देवता ध्रुव ऋषि के मंदिर में भी विशेष रूप से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और देवता ध्रुव ऋषि का झंडा भी पूरे शहर की परिक्रम करेगा। रविवार शाम के समय रघुनाथपुर में होलिका दहन के साथ ही होली उत्सव का भी समापन किया जाएगा। शनिवार को जिलाभर में धूमधाम के साथ छोटी होली खेली गई। रविवार को यहां पूरा बाजार भी बड़ी होली के चलते बंद रहेगा। कुल्लू में एक दिन पूर्व होली का उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाता है। यहां बंसत उत्सव के साथ ही होली का भी आगाज शुरू हो जाता है। बैरागी समुदाय के लोग 40 दिनों तक होली के पापंरिक गीत रघुनाथ मंदिर में जाकर गाते हैं। इसी के साथ वह अन्य श्रीराम के मंदिरों में भी जाकर होली के गीत गाते हैं। जिला कुल्लू में होली का पर्व बहुत से खास अंदाज में मनाया जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App