कोलकाता-हावड़ा को जोड़ने वाली अंडरवाटर मेट्रो सेवा 15 मार्च से होगी शुरू

By: Mar 11th, 2024 4:16 pm

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में हुगली नदी के अंदर पहली मेट्रो रेल वाणिज्यिक सेवा 15 मार्च को शुरू होगी, जो कोलकाता को हावड़ा से जोड़ेगी। कोलकाता मेट्रो के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छह मार्च को देश की पहली अंडरवाटर रेल सेवा का अनावरण किया। स्कूली बच्चों और मेट्रो कर्मियों के साथ 4.8 किलोमीटर की यात्रा की, जो इस शहर को हावड़ा से जोड़ने वाली मौजूदा धीमी गति की यातायात प्रणाली में क्रांति ला देगी।

कोलकाता मेट्रो के प्रवक्ता कौशिक मित्रा ने बताया कि शुक्रवार से हुगली नदी के अंदर ग्रीन लाइन के हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड खंड पर मेट्रो सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इसके अलावा, मेट्रो ऑरेंज लाइन के कवि सुभाष से हेमंत मुखोपाध्याय तक और पर्पल लाइन के जोका से माझेरहाट तक विस्तारित खंड पर चलेगी, जो एक क्रिस-क्रॉस नेटवर्क है जिसे ईस्ट-वेस्ट मेट्रो के रूप में जाना जाता है।

शहर में कुल 130 सेवाएं (हावड़ा मैदान से 65 सेवाएं और एस्प्लेनेड से 65 सेवाएं) इस खंड पर सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन उपलब्ध रहेंगी। दोनों दिशाओं में 12-15 मिनट के अंतराल पर सेवाएं उपलब्ध होंगी। सेवाएं हावड़ा मैदान और एस्प्लेनेड स्टेशनों से वैकल्पिक रूप से पूर्व की ओर से जाने वाली और पश्चिम की ओर जाने वाली लाइनों पर उपलब्ध होंगी। रविवार को इस मार्ग पर सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।

कवि सुभाष से हेमन्त मुखोपाध्याय के लिए ऑरेंज लाइन पर सोमवार से शुक्रवार तक इस खंड पर 48 दैनिक सेवाएं होंगी। सेवाएं 20 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। शनिवार और रविवार को सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। दूरी के हिसाब से किराया पांच रुपये से 50 रुपये के बीच होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App