लोकसभा चुनाव: गुरदासपुर सीट पर बालीवुड का तडक़ा

By: Apr 29th, 2024 12:06 am

बीजेपी की ओर से फिल्मी सितारे ही रहे सांसद, इस बार स्थानीय चेहरे को दिया मौका

नीलम ठाकुर — मोहाली

दो नदियों के संगम ब्यास और रावी के मध्य बसे गुरदासपुर लोकसभा सीट में बालीवुड तडक़ा खूब लगता रहा है। पाकिस्तान बॉर्डर से सटे इस क्षेत्र में आजादी के बाद से कांग्रेस का दबदबा रहा है। 1998 में अभिनेता विनोद खन्ना ने पहली बार बीजेपी के लिए गुरदासपुर सीट जीती थी। उसके बाद अभिनेता सनी देओल यहां से सांसद बने। इस सीट पर बीजेपी की तरफ से फिल्मी सितारे ही संसद पहुंचे हैं। वहीं इस बार भाजपा ने इस सीट से बॉलीवुड अभिनेताओं को छोडक़र स्थानीय नेता दिनेश सिंह को टिकट दी है। आम आदमी पार्टी ने अमनशेर सिंह कालसी और शिरोमणी अकाली दल ने दलजीत सिंह चीमा को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस अभी अपना प्रत्याशी फाइनल नहीं कर पाई है। गुरदासपुर लोकसभा सीट के अधीन नौ विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिनमें सुजानपुर, भोआ, पठानकोट, गुरदासपुर, दीना नगर, कादियां, बटाला, फतेहगढ़ चूडिय़ां और डेरा बाबा नानक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां की नौ विधानसभा सीटों में से छह पर कांग्रेस ने बाजी मारी है। दो सीटें आम आदमी पार्टी और एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है।

गुरदासपुर संसदीय क्षेत्र में 1952 से आम चुनाव हो रहे हैं। आजादी के बाद के पहले 25 साल तक इस सीट पर कांग्रेस का राज रहा। साल, 1952 से 1977 के दौरान तारा सिंह अकारपुरी, दीवान चंद शर्मा और प्रबोध चंद्रा ने इस सीट पर कब्जा जमाया। वहीं 1977 में यज्ञयदत्त शर्मा जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीत कर सदन पहुंचे थे। 1980 में कांग्रेस की सुखबुंस कौर फिर सीट कांग्रेस के नाम की और 18 साल तक लोकसभा पहुंचती रहीं। 1998 में भारतीय जनता पार्टी के विनोद खन्ना ने इस सीट पर परचम लहराया और 1999 और 2004 में इस सीट से जीते। 2009 में कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा ने जीत हासिल की, इसके बाद 2014 के चुनाव में विनोद खन्ना फिर सांसद बने। विनोद खन्ना के निधन के बाद 2017 के उपचुनाव सुनील जाखड़ ने जीत दर्ज की।

2019 के चुनाव में सनी देओल ने जीत दर्ज की

2019 के चुनाव में सनी देओल ने यह सीट अपने नाम की है। 2019 लोकसभा चुनाव में गुरदासपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार सनी देओल ने जीत दर्ज की, उन्हें 558719 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के सुनील कुमार जाखड़ 476260 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे और आप के प्रत्याशी पीटर मसीह 27744 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। वहीं खास बात यह है कि इस क्षेत्र के कद्दावर नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ अब भाजपा के साथ हैं और पंजाब भाजपा के मुखिया हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App