मुख्यमंत्री बोले, हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने में करें सहयोग

By: Apr 16th, 2024 12:07 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार ने 2027 तक आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेश सरकार सहित सभी लोगों को मिलकर काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार को हिमाचल दिवस के राज्यस्तरीय समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जिन नीतियों पर काम शुरू किया है। उससे तय है कि 2025 तक हिमाचल प्रदेश का सबसे अमीर राज्य होगा। उन्होंने कहा कि सभी को इसके लिए मिलजुलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी हिमाचल को विकसित राज्य बनाने में योगदान देगी। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सभी नागरिकों से आगामी चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की है। राज्यपाल सोमवार को शिमला में राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस के मौके पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्चपास्ट की सलामी ली। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल खूबसूरत राज्य 15 अप्रैल 1948 को 30 छोटी-बड़ी पहाड़ी रियासतों के विलय के साथ अस्तित्व में आया था। राज्य की समृद्ध संस्कृति, उच्च परंपराएं और असीम प्राकृतिक सौंदर्य, देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने राज्य के महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App