खुद को ही ‘श्रीराम’ समझ रहे जयराम

By: Apr 9th, 2024 12:15 am

गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कसा तंज

कार्यालय संवाददाता-नादौन
सोमवार को अपने गृहविधानसभा क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हमारी सरकार भगवान श्रीराम के आदर्शों के आधार पर काम कर रही है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भगवान श्रीराम को चुनौती दी है। पूर्व मुख्यमंत्री खुद को भगवान से भी ऊपर मान रहे हैं, इसलिए भगवान ने कांग्रेस सरकार को अपना आशीर्वाद देकर हमें जनता की सेवा की मौका दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की वर्तमान राजनीति से पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार भी दुखी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं उन व्यक्तियों में से नहीं हूं जो बेईमानी, झूठ और अनैतिकता से हार जाऊं। मैंने हमेशा भगवान से यही प्रार्थना की है कि जनता की सेवा का मौका देना। जबकि नेता प्रतिपक्ष धनबल की सेवा में लगे हुए हैं। उनका गणित कमजोर है। 62 विधायक होने पर हमारे पास 34 विधायकों का पूर्ण बहुमत है। बावजूद इसके जयराम दिन में सपने देखते हुए कह रहे हैं कि चार जून को हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी। जयराम सपने देखना बंद करें। 4 जून को नेता प्रतिपक्ष हमारे साथ बैठें, उन्हें चाय पर बुलायेंगें। कांग्रेस सभी चार लोकसभा और छह विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं में दर्द है कि कांग्रेस के बागियों को टिकट दे दिए। बिके हुए लोगों को भाजपाई भी वोट नहीं देंगे। बिके हुए लोग दोबारा चुनकर आ गए तो यह लोकतंत्र के लिए घातक होगा। बिकाऊ नेताओं को लेकर हमारे वास्तविक तथ्य हैं, जिन्हें जनता के सामने लाएंगे। हम भ्रष्टाचार से समझौता नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन यह चुनाव लोकतंत्र को बचाने का है। जो विधायक बिक जाए वह जनता का सच्चा सेवक नहीं हो सकता। सुजानपुर में 100 बेड का अस्पताल दिया, टौणीदेवी अस्पताल के लिए पांच करोड़ दिए। इसके अलावा विधायक का कोई काम नहीं रोका। बड़सर में अथाह कार्य किए, वहां के पूर्व विधायक तारीफ करते नहीं थकते थे, फिर भी उन्होंने ईमान बेच दिया।

कंगना पर बयान की जानकारी नहीं
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कंगना पर बीफ को लेकर दिए बयान की मुझे जानकारी नहीं है। जल्दी मंडी से युवा और जिताऊ चेहरे को लोकसभा प्रत्याशी बनाया जाएगा। विधानसभा उपचुनाव की टिकट तय करने के लिए दस अप्रैल को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी, उसके बाद प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नादौन बस स्टैंड के पास स्थित खरीड़ी मैदान में चल रहे इंडोर स्टेडियम के व अन्य निर्माण कार्य का जायजा लिया।

वैचारिक मतभेद होते हैं, लेकिन बैठकर बात की जाती है
35 साल से अधिक समय से कांग्रेस में हूं। हमारे भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से वैचारिक मतभेद रहे, लेकिन उनसे बैठकर बात करते थे। विरोध पार्टी के भीतर होता था। सीएम ने कहा कि हमने बजट में जनहित के अनेक निर्णय लिए हैं। सरकार ने भ्रष्टाचार व अवैध खनन पर चोट की है। चोर दरवाजों को बंद कर 2200 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व जुटाया है। अगले बजट में और अधिक राजस्व जुटाकर जनता के लिए नई योजनाएं लाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App