कंगना का ऐलान, मंडी में आफिस खोलकर लोगों की करूंगी सेवा

By: Apr 3rd, 2024 12:15 am

भाजपा प्रत्याशी बोलीं; सेवा का भाव लेकर राजनीति में आई हूं, कांग्रेस पर साधा निशाना

दिव्य हिमाचल टीम-पंडोह, नेरचौक
मंडी संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी कंगना रणौत ने दं्रग के शिवाबदार और बल्ह के नेरचौक में कहा कि मैं सेवा का भाव लेकर राजनीति में आई हूं। कांग्रेस के नेता मेरे को बाहरी बता रहे हैं। वो खुद मंडी में आकर घर बनाकर सेवा क्यों नहीं करते। उनके नेता क्यों अपने घर के बजाय वायनाड से चुनाव लडऩे जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह जीत के बाद मंडी में अपना कार्यालय खोलेगी। ताकि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा सके। उन्होंने कहा कि आज राजनीति में नए लोगों को मौका, अगर भारतीय जनता पार्टी दे रही है तो इससे ही कांग्रेसी घबरा गए हैं। आज परिवारवाद से बाहर निकलकर नए लोगों को चुनने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस प्रकार से महिलाओं को सम्मान देकर 33 प्रतिशत आरक्षण मातृ शक्ति वंदन बिल पास करवाकर दे रहे हैं, उसी का परिणाम है कि आज गांव से संबंध रखने कंगना रणौत जैसी आपकी बेटी को भाजपा का ये मंच मिला है।

कंगना रणौत ने द्रंग पहुंचने पर यहां अपनी कई पीढिय़ों पहले की रिश्तेदारी भी निकाल ली और कहा कि उनकी रगों में भी द्रंग का खून बह रहा है। कंगना ने बताया कि उनके जो पड़ नाना थे उनकी दादी द्रंग से थी। इस लिहाज से द्रंग के साथ उनकी रिश्तेदारी है और उनकी रगों में भी इसी द्रंग का खून बह रहा है। इससे पहले कंगना का शिवाबदार पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओंं ने जोरदार स्वागत किया। कंगना ने यहां स्थित माता घटासनी के मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उनके साथ द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व मंत्री एवं मंडी संसदीय सीट के प्रभारी गोविंद ठाकुर, पूर्व प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर और भाजपा नेता ज्योति कपूर सहित अन्य भाजपा नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं बल्ह में उनके साथ पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, विधायक एवम मंडी संसदीय क्षेत्र के संयोजक इंद्र सिंह गांधी, जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियंता शर्मा भी उपस्थित रहे।

एहड़ा हुआं, तुसे सोचा राहुल गांधी कने क्या क्या हुंदा हुंघा
गागल। मंगलवार को नेरचौक में हुई बल्ह मंडल भाजपा परिचय सम्मेलन में उस समय जोर का ठहाका लगा, जब मंच पर विराजमान पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए मंडी संसदीय क्षेत्र की प्रत्यासी कंगना रणौत खुद को ही संबोधित कर बैठी। प्रोटोकॉल के अनुसार कंगना कागज पर लिखे क्रम के अनुसार सब को नाम लेकर संबोधित कर रही थी, कि इस बीच मंडी संसदीय क्षेत्र की प्रत्याशी को भी संबोधित कर रही थी कि तत्काल अपनी गलती का अहसास होने पर माथे पर हाथ रख कर वे ठिठक गई और मुस्करा पड़ी, लेकिन पंडाल में इस पर जोर का ठहाका गूंजा और जय श्री राम का नारा लगा। कंगना ने हंसते हुए मंडयाली में कहा, एहड़ा हुआं, तुसे सोचा राहुल गांधी कने क्या क्या हुंदा हुंघा। फिर हिंदी में बोली, कैसी कैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है जब आप लिखा हुआ पढ़ते हो। इस पर भी पूरा पंडाल हंसी ठहाकों से गूंज पड़ा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App