अप्रैल महीने में लाहुल ने ओढ़ी बर्फ की चादर

By: Apr 21st, 2024 12:55 am

बेमौसमी स्नोफाल से किसान परेशान, पनीरी और ट्यूलिप के पौधे दबे
जिला संवाददाता-केलांग
प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में अप्रैल महीने में बर्फबारी हुई है। बेमौसमी बर्फबारी से किसान परेशान हो गए हैं। लाहुल-स्पीति की ऊंची चोटियों समेत रिहायशी इलाकों में शनिवार को बर्फ की चादर बिछ गई है। रोहतांग दर्रे पर भी ताजा हिमपात हुआ है। वहीं, बर्फबारी होने से लाहुल घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में बेमौसमी बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार लाहुल घाटी में बेमौसमी बर्पबारी से ट्यूलिप के पौधे खेतों में दब गए। वहीं, किसानों ने पनीरियां भी लगाई थी। उस पर भी बर्फ गिर गई। लाहुल घाटी में कई जगह तीन से चार इंच तक ताजा हिमपात हुआ है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लाहुल-स्पीति जिला में बर्फबारी अप्रैल महीने में देखने को मिल रही है। लाहुल घाटी के गांवों समेत बारालाचा दर्र, कुंजुम पास, रोहतांग में ताजा हिमपात हुआ है। ऊंचे दर्रों में एक फीट और रिहायशी क्षेत्र में चार से पांच इंच तक बर्फबारी हुई है।

फाहों का दीदार कर रहे पर्यटक
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में सप्ताहांत में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। लाहुल व मनाली के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ गई है। एक सप्ताह के भीतर आठ हजार पर्यटक वाहान मनाली पहुंचे हैं। पर्यटक सुहावने मौसम के बीच लाहुल घाटी में बर्फ के फाहों का दीदार कर रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर 8 हजार से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App