‘UP की तरह बिहार वाले भी परिवारवाद को नकारें’

By: Apr 15th, 2024 3:55 pm

औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश वालों की तरह बिहार के मतदाताओं को भी परिवारवाद के खिलाफ पार्टी की मुहिम में शामिल होना चाहिए। औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में पहली विजय संकल्प रैली में श्री योगी ने भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह के पक्ष में कमल खिलाने की अपील की। उन्होने कहा, “राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से कोई उम्मीद न कीजिए। यह चुनाव ‘नेशन फर्स्ट व फैमिली फर्स्ट’ का है। अच्छा हुआ कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बिहार में और सशक्त बनाने में हमें सफलता प्राप्त हुई। बिहार में लालू जी के परिवार के लिए ही सीट कम पड़ रही थी। यह परिवार तक ही सीमित हो गए। परिवार के बाहर सोच है ही नहीं। विकास भी परिवार का, सीट भी परिवार को, योजनाओं का लाभ भी परिवार को ही मिलना है। एक परिवार बिहार और एक परिवार यूपी में है। उप्र की जनता उन्हें जवाब दे चुकी है, अब बिहार के लोगों को जवाब देने के लिए तैयार होना है। जातिवादी ताकतों को नकार दें।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच सौ वर्षों का इंतजार समाप्त हुआ। अयोध्या धाम में प्रभु श्रीरामलला विराजमान हुए तो बिहार के अंदर भी उत्साह और उमंग था। बिहारवासियों ने जो उपहार भेजे थे। उसके लिए बिहारवासियों का आभार प्रकट करता हूं। उप्र और बिहार का चोली-दामन का संबंध है। यह अलग होने वाला नहीं है। हम सीताराम बोलते हैं। पहले मां सीता, फिर श्रीराम का नाम लेते हैं। यह दोनों राज्यों के संबंध को जोड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के अभियान को बढ़ाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा से अधिक आस्था का सम्मान कोई नहीं कर सकता। काशी विश्वनाथ, अयोध्या धाम और मां विंध्यवासिनी दरबार में जाकर कार्य देखिए। नए उप्र और बिहार के लिए मोदी की गारंटी ही उत्थान की गारंटी है। औरंगाबाद के लोग भी विंध्यवासिनी धाम को नए रूप में देख रहे हैं। आज बासंतिक नवरात्रि की सप्तमी तिथि है। महाकाली की पूजा होती है। विंध्यवासिनी धाम में आज लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे हैं। गलियारा इतना चौड़ा बन गया है कि एक-दो लाख नहीं, 10 लाख लोग भी एक साथ आ जाएंगे तो समस्या नहीं होगी। पहले काशी में 10 लोग एक साथ दर्शन नहीं कर सकते थे, आज पांच-छह लाख श्रद्धालु एक साथ भी भगवान विश्वनाथ के दर्शन कर सकते हैं।

योगी ने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में विकसित भारत की बात कही है। विकसित भारत मतलब विकसित बिहार भी है। अनुच्छेद-370 लगाकर कांग्रेस ने शेष भारत के नागरिकों के कश्मीर जाने को प्रतिबंधित कर दिया था। भारतीय जनसंघ और भाजपा हमेशा नारा लगाती थी कि जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है। उस सपने को भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साकार किया है। अनुच्छेद-370 समाप्त कर कश्मीर को भारत की मुख्यधारा से जोड़ा गया। काफी हद तक नक्सलवाद समाप्त हो गया, जो बचे-खुचे हैं, पांच वर्ष में उनका भी स्वाहा हो जाएगा।

उन्होंने कहा, “50 करोड़ लोगों के जनधन खाते खोल दिए गए, जिससे दिल्ली से सरकार कोई पैसा भेजती है तो सीधे खातों में जाए। बीच में कोई दलाल डकैती न डालने पाए। प्रधानमंत्री आवास योजना में चार करोड़ लोगों को पक्का मकान दिया गया है। हम लालू जी से कहेंगे, आप संख्या बढ़ाइए। मोदी जी फ्री में मकान दे ही रहे हैं। अगले पांच वर्ष में तीन करोड़ और आवास देंगे। यूपी व बिहार को इसका सर्वाधिक लाभ भी मिलेगा।”

सीएम योगी ने कहा कि कोरोना के दौरान बिहार के लोग अन्य राज्यों से निकल रहे थे तो हमने कहा कि यह मां सीता के मायके के लोग हैं, उनसे भेदभाव नहीं होगा। जो सुविधा उप्र वासियों को मिले, वही सुविधा बिहार वालों को भी मिले। उप्र में मिली सुविधा की सभी लोगों ने सराहना की थी। उन्होंने कहा कि राजद के समय बिहार के सामने पहचान का संकट हो गया था। उन्होंने वही गुंडाराज फिर से लागू करने का प्रयास किया, लेकिन उप्र में गुंडों को लटका दिया जाता है। मिर्च का छोंका अलग से लगा दिया जाता है। वे गले में तख्ती लगाकर चलते हैं कि एक बार जान बख्श दो, अब कोई गलती नहीं होगी। एक तरफ श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनवाया तो दूसरी तरफ बड़े-बड़े माफिया को राम नाम सत्य की यात्रा पर भी भेज दिया। बोलचाल में हम राम-राम और जयश्री राम बोलते हैं, लेकिन देश के खिलाफ साजिश करने वालों का राम नाम सत्य भी करते हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ के उप्र में कोई दंगा, कर्फ्यू या समस्या नहीं है। यह काम केवल भाजपा और राजग ही कर सकेगी। अब तक हम लोग कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दलदल और गड्ढों को पाटने और कचड़े को साफ करने में समय लगाया। अब विकास की रफ्तार बढ़ाकर भारत को ग्लोबल लीडर बनाने का समय आ गया है। राजद और कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, आतंकवाद, गरीबों के हकों पर डकैती डाला, अराजकता, दंगे, अव्यवस्था समेत हर समस्या दी और इनका समाधान मोदी जी के नेतृत्व में राजग ने दिया। विकास में बाधक इन समस्याओं को पालने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा “ कांग्रेस और राजद के लोग कहते थे कि राम हुए ही नहीं, अब कहते हैं कि राम सबके हैं। इन पर विश्वास न करना, यह धोखा देंगे। पहचान का संकट देने वालों को एक-एक वोट के लिए तरसा दीजिए। सीएम ने कहा कि सुशील सिंह को मिले वोट की गूंज यूपी में सुनाई देगी। यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटें मोदी के गले के हार की माला बनाएंगे। ”


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App