वन शॉट मूवी बनाना आसान काम नहीं

By: Apr 23rd, 2024 12:54 am

बिलासपुर पहुंचे वन शॉट मूवी निर्देशक हेमंत तिवारी ने रखी दिल की बात, फिल्म प्रमोशन के लिए 20 हजार किमी. यात्रा करने का किया दावा

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
वन शॉट मूवी बनाना फिल्म इंडस्ट्री में आसान नहीं है। करीब 10 साल के बाद वन शॉट मूवी इंडस्ट्री में आती है। अपनी लोमड़ वन शॉट मूवी बनाने के बाद अब अगली वन शॉट मूवी को लेकर तैयारी में जुट गया हूं। लोमड़ वन शॉ मूवी एक घंटा 40 मिनट की है तो अगली वन शॉट मूवी दो घंटे 11 मिनट की होगी। लेकिन इससे पहले देश भर के 20 शहर में खुद पहुंचकर दर्शकों को लोमड़ वन शॉट मूवी को लेकर बताऊंगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग तक यह वन शॉट मूवी पहुंच सके। यह बात बिलासपुर पहुंचे वन शॉट मूवी लोमड़ के निर्देशक हेमंत तिवारी ने कही। हेमंत तिवारी ने एक घंटा 40 मिनट की वन शॉट मूवी तैयार करने के बाद यू-टयूब पर अपलोड करने के बाद स्वयं भी इस मूवी को लेकर खासे उत्साहित हैं।

मुंबई से अपने फाईव हंडर्ड मोटरसाईकिल पर सवार होकर कई शहरों में वह पहुंचकर इस वन शॉट मूवी का प्रचार कर रहे हैं। खास बात यह है कि उनकी मोटरसाईकिल और उनकी पहनी हुई जैकेट पर फिल्म क्यूआर कोड भी लगा हुआ है। कई जगह पर उनके प्रशंसक भी उन्हें मिले। मुंबई से 10 अप्रैल को इन्होंने अपनी यात्रा बाईक पर शुरू की। एनसीआर नोयडा से होते हुए दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, कलकत्ता, बेंगलूरू सहित अन्य राज्यों के बाद हिमाचल पहुंचे। सोलन, शिमला के बाद बिलासपुर में सोमवार को हेमंत तिवारी पहुंचे। अभी तक करीब तीन हजार किलोमीटर तक का सफर इन्होंने किया है। हिमाचल के बाद लेह लदाख, यूपी, बिहार, उड़ीसा, मध्य प्रदेश सहित राज्यों से होते हुए मुंबई पहुंचेंगे। बकौल, हेमंत तिवारी उनके द्वारा तैयार की गई वन शॉट मूवी लोमड़ दुनिया की पहली ब्लैक एंड व्हाईट मूवी है। इस मूवी के माध्यम से लोगों को इस बात का एहसास करवाया गया है कि उनके अंदर एक ऐसा अजनबी छिपा हुआ है, जो कभी भी बाहर आ सकता है। लेकिन उसे जगाने की आवश्यकता है। उसकी पहचान अनोखी होती है।

विस्थापितों के दर्द को बयां करेंगे हेमंत तिवारी

बिलासपुर शहर का देश के लिए कुर्बानियों भरा इतिहास जानकर हेमंत तिवारी बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने जल्द ही मुंबई से अपनी टीम के साथ बिलासपुर आकर साईट विजिट करने पर हामी जताई और भाखड़ा विस्थापितों के दर्द को बड़े फिल्म पर्दे पर लाने की बात कही। हेमवंत तिवारी ने कहा कि देश को रोशन करने के लिए इस जिला के लोगों का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। लेकिन शायद यह दर्द भरी कहानी देश के सामने ही नहीं आ पाई। उन्होंने कहा कि आज मीडिया एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री ने इतना व्यापक विस्तार ले लिया है कि हम अपनी बात को बहुत प्रभावी तरीके से देश के सामने रख सकते हैं।

फिल्म को मिले हैं 21 आवार्ड

वन शॉट मूवी लोमड़ को अभी तक 21 आवार्ड मिल चुके हैं। जिसमें दादा साहेब फालके आवार्ड मुख्य हैं। खासकर कई नामी निर्देशकों ने भी इस फिल्म को देखा है और टयूटर अकांऊट पर भी इस फिल्म की सराहना की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App