बादल फटने के आठ महीने बाद भी नहीं भरे मौड़ा के जख्म

By: Apr 12th, 2024 12:55 am

नाले में तबदील खेतों में किसानों को फसलों की बिजाई करने में पेश आ रही दिक्कतें, जल्द भूमि सुधार का काम करने की मांग

निजी संवाददाता-तेलका
उपतहसील मुख्यालय तेलका के तहत ग्राम पंचायत मौड़ा में गत वर्ष जुलाई में बादल फटने से बरपे कहर से हुए नुकसान की भरपाई को लेकर अभी तक भूमि सुधार का काम आरंभ नहीं हो पाया है। इससे प्रभावित किसानों को फसलों की बिजाई आदि के कार्य में दिक्कतें पेश आ रही हैंं। स्थानीय किसान चमारु राम, सुरेंद्र कुमार, रमेश चंद, सिलो देवी, समुंद्री देवी, अमरु राम, सिंह राम,अजय कुमार, राजेश कुमार व हरि सिंह आदि न बताया कि 19 जुलाई 2023 को विभिन्न जगह पर बादल के फटने से खेत नाले में तबदील हो गए हैं। पंचायत के प्रतिनिधियों की ओर से इस प्राकृतिक आपदा की सूचना प्रशासन को दी गई। इसके बाद विभिन्न जगह पर किसानों की भूमि का डीसी चंबा, एसडीएम सलूणी व बीडीओ सलूणी द्वारा मौका किया गया।

इस मौके के बाद डिजास्टर का केस तैयार कर पंचायत प्रतिनिधियों को आदेश जारी किया कि सबसे पहले किसानों की भूमि, जोकि बादल फटने से नाले में तब्दील हुई है वहां पर डंगे लगाकर भूमि में सुधार में लाया जाए। मगर बड़े खेद का विषय है कि अभी तक यह काम नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रशासन व पंचायत प्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द भूमि सुधार का कार्य आरंभ किया जाएगा। उधर, ग्राम पंचायत मौड़ा के प्रधान अशोक सूर्यांश का कहना है कि डिजास्टर को हुए आठ से नौ महीने हो चुके हैं। जल्द ही भूमि सुधार कार्य के मस्ट्ररोल जारी कर दिए जाएंगें। इधर, बीडीओ सलूणी ने कहा है कि डिजास्टर का केस ध्यान में है। जल्द ही कार्य को शुरू कर किसानों की मांग को पूरा कर दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App