इस साल हिमाचल में कैसी रहेगी बरसात, जानिए

By: Apr 16th, 2024 12:08 am

मौसम विभाग का अनुमान, 25 राज्यों में सामान्य से ज्यादा बरसेंगे बादल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

भारत में इस साल मानसून सामान्य से बेहतर रह सकता है, हालांकि हिमाचल में इस बार बरसात के मौसम में सामान्य बारिश होगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस साल पूरे देश में औसतन 87 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। ला नीना प्रभाव के चलते इस साल देश में मानसून अच्छा रहेगा। अगस्त-सितंबर में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग के प्रमुख ने बताया कि साल 1951 से लेकर 2023 तक का डाटा देखने से पता चलता है कि देश में नौ बार मानसून सामान्य से बेहतर रहा है। ला नीना प्रभाव के चलते ही ऐसा हुआ। इस सामान्य के अनुसार पहली जून से 30 सितंबर तक पूरे देश की कुल वर्षा का औसत 87 सेंटीमीटर होगा। देश में चार महीनों तक (जून से सितंबर तक) सामान्य से ज्यादा बारिश होगी और यह 106 प्रतिशत तक होगी। मौसम विभाग के अनुसार देश के 25 राज्यों में सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान है, इनमें केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पुड्डुचेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, लक्षदीप, दादर और नगर हवेली, दमन-दीव शामिल हैं।

इसके अलावा चार राज्यों छत्तीसगढ़, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सामान्य बारिश का अनुमान है। छह राज्यों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है। इन छह राज्यों में ओडिशा, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। जलवायु विज्ञानियों का कहना है कि बारिश के दिनों में कमी आ रही है, जबकि भारी बारिश की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके चलते ही बाढ़ और सूखे की समस्या देखने को मिल रही है। इससे पहले नौ मार्च को प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट ने सामान्य मानसून का अनुमान जारी किया था। यानी जून से सितंबर तक चार महीने में 96 से 104 फीसदी के बीच बारिश हो सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App