राहुल गांधी बोले, आजकल मोदी घबराए हुए हैं

By: Apr 27th, 2024 12:06 am

राहुल बोले, कुछ दिनों में स्टेज पर उनके आंसू निकल आएंगे

एजेंसियां— विजयपुरा (कर्नाटक)

पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि वह किसी दिन मंच पर आंसू भी बहा सकते हैं। राहुल गांधी ने कर्नाटक के विजयपुरा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह (मोदी) डरे हुए हैं और मंच पर आंसू तक बहा सकते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि आपने प्रधानमंत्री के भाषण सुने हैं, वह डरे हुए हैं। हो सकता है कि वह मंच पर आंसू बहाने लगें। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी हालिया रैलियों में कांग्रेस को ‘मंगलसूत्र’, ‘संपदा पुनर्वितरण’ और ‘विरासत कर’ जैसे आरोपों से घेरने का प्रयास किया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी पर अनेक तरीके से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि मोदी ध्यान भटकाने का प्रयास करते हैं। गांधी ने कहा कि भारत में गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई समेत चार महत्त्वपूर्ण मुद्दे हैं। उन्होंने दावा किया कि केवल कांग्रेस ही बेरोजगारी समाप्त कर सकती है, महंगाई को काबू में कर सकती है और लोगों को उनकी उचित हिस्सेदारी दिला सकती है। गांधी ने कहा कि मोदी ने केवल गरीब जनता का पैसा लूटा है। उन्होंने कुछ लोगों को ही अरबपति बनाया है। देश में करीब 22 लोग हैं, जिनकी संपदा देश के 70 करोड़ लोगों की संपत्ति के समान है। कांग्रेस नेता ने युवाओं से वादा किया कि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो ‘अग्निवीर’ योजना को समाप्त कर देगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App