निशानदेही के बाद भरेड़ी में शुरू होगा स्पोट्र्स हॉस्टल का काम

By: Apr 16th, 2024 12:17 am

निजी संवाददाता-भोरंज
भोरंज विधानसभा क्षेत्र के भरेड़ी में खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए वालीबॉल खेल का खेल छात्रावास बनेगा। इसके लिए भोरंज विधायक सुरेश कुमार ने सोमवार को स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों व खेल प्रेमियों के साथ भूमि का निरीक्षण किया, क्योंकि प्रदेश सरकार ने स्थानीय लोगों की मांग पर आचार संहिता से पहले खेल छात्रावास खोलने की अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले वरिष्ठ नागरिकों ने विधायक सुरेश कुमार का भरेड़ी में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। उसके उपरांत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरेड़ी के पुराने भवन की भूमि का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने खेल छात्रावास के लिए इस भूमि को सबसे उपयुक्त बताया तथा इस भूमि को अंतिम रूप दिया गया। भोरंज विधानसभा क्षेत्र वालीबॉल खेल का हब हैं।

यहां की एक दर्जन पंचायतों के खिलाड़ी वालीबॉल खेल में विशेष रूचि रखते हैं। इसलिए पिछले 25 से 30 सालों से चली आ रही खेल छात्रावास बनाने की मांग पूरी हुई है। इसके बाद एक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भोरंज विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए वालीबॉल खेल का आधुनिक खेल छात्रावास बनाया जाएगा। इसके निर्माण से पहले भूमि का निशानदेही ली जाएगी और उसके बाद कार्य शुरू किया जाएगा। इस दौरान भोरंज ब्लॉक समिति के चेयरमैन राजेंद्र सिंह गारला, भोरंज ब्लॉक एससी विभाग के अध्यक्ष डा. दीप चंद, वालीबॉल खेल के अंतरराष्ट्रीय कोच विद्यासागर शर्मा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल संस्थान पटियाला के सेवानिवृत्त वालीबॉल कोच विधि चंद कौशल, सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक रमेश कौशल, सेवानिवृत्त डीइपी जगदेव ठाकुर, डा. वेद प्रकाश, मिल्क फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन मैहर महेशचंद्र शर्मा, विशनदास, ज्ञान कालिया, पम्मी शर्मा मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App