हिमाचल में चार, देश में 400 पार की पुकार

By: Apr 12th, 2024 12:07 am

हमीरपुर में जनसभा के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा के लिए मांगा समर्थन

नीलकांत भारद्वाज — हमीरपुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को अपने हिमाचल प्रवास के तीसरे दिन हमीरपुर स्थित गांधी चौक पर एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकसभी के साथ विधानसभा उपचुनाव की सभी सीटें भाजपा बड़े अंतर से जीतने जा रही है। आज मोदी के नेतृत्व में हिमाचल में चार की चार और देश में 400 पार की बयार चल रही है। इस दौरान उन्होंने आगामी लोकसभा चुनावों और विधानसभा उपचुनाव में सभी हिमाचलवासियों को एकजुट होकर भाजपा की डबल इंजन की सरकार के लिए वोट करने का आह्वान किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज पूरा भारत लोकतंत्र के महापर्व को पूरे उत्साह से मना रहा है। वैसे तो देश में नेशनल क्रश बहुत होंगे, लेकिन नेशनल ट्रस्ट सिर्फ़ मोदी की गारंटी है। मोदी देश के ही नहीं बल्कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। आज हिमाचल समेत पूरे देश में कांग्रेस और उसकी गारंटियां फेल हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार दोबारा नहीं बनी, क्योंकि वहां उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया। इसी प्रकार हिमाचल और कर्नाटक में झूठी गारंटियों के दम पर कंाग्रेस सत्ता में आई, पर आज एक भी वादा पूरा करने में पूरी तरह से फेल हो चुकी है।

अब जनता ने मन बना लिया है कि सरकार बनाएंगे, तो सिर्फ मोदी की। मोदी के नेतृत्व में हिमाचल में चार की चार और देश में 400 पार की बयार चल रही है और हिमाचल में विधानसभा उपचुनाव की सभी सीटें भाजपा बड़े अंतर से जीतने जा रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज देश में ऐसी सरकार है, जिसने पिछले 10 वर्षों में भारत को विश्व पटल पर एक अग्रणी राष्ट्र बना दिया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन की सरकार थी, तब एक ओर जहां मोदी ने माताओं-बहनों को धुएं से आजादी देने के लिए उज्ज्वला योजना चलाई थी, वहीं जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री गृहिणी योजना चलाई थी। अगर प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान भारत योजना लाई, तो जयराम ठाकुर ने हिमकेयर योजना चलाई। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 से 2024 तक मोदी ने कांग्रेस के 60 वर्षों के गड्ढे को भरने और देश को तेजी से विकास करने लायक बनाया है। अगले पांच वर्षों में टी-20 की भांति मोदी जी विकास के चौके और छक्के लगाने को तैयार हैं। इस मौके पर भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल, राजेंद्र राणा और आशीष शर्मा के साथ अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।

नहीं आए पूर्व सीएम धूमल

हमीरपुर। गुरुवार को हमीरपुर के गांधी चौक में आयोजित भाजपा की रैली में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल नहीं आए। हालांकि उनके न आने की वजह तो किसी को पता नहीं, लेकिन उनके रैली में न आने की चर्चा हमीरपुर शहर में होती रही। दरअसल प्रो. धूमल भाजपा का एक बड़ा चेहरा हैं। खासकर गांधी चौक में जब भी कोई बड़े कार्यक्रम हुए हैं, तो पूर्व मुख्यमंत्री की उपस्थिति उनमें हमेशा रही है।

आजकल मेरे बारे में ही बोल रहे सुक्खू

जयराम का तंज; मेरा हिसाब कमजोर, तो सीएम का भी सही नहीं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — हमीरपुर

मैंने सुना है मुख्यमंत्री आजकल मेरे बारे में बहुत ज्यादा बोल रहे हैं। मुझे कह रहे हैं कि जयराम सीएम रहते हमीरपुर नहीं आए और अब काफी चक्कर लगा रहे हैं। तो मैं उनको बता दंू कि आप पहले खुद को देख लें कि इन 14 महीनों में उन्होंने कितनी बार अपने जिला का दौरा किया। सुखविंदर सिंह सुक्खू का अधिकतर जीवन तो शिमला में ही कटा है। यह कहना था पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का। गुरुवार को हमीरपुर के गांधी चौक में आयोजित भाजपा की रैली में पहुंचे पूर्व सीएम ने कहा कि सुना है कि मुख्यमंत्री गांधी चौक पर टहल रहे थे। चलो अच्छा है, क्योंकि उनका अधिकर जीवन मालरोड में ही टहलते-टहलते बीता है। पूर्व सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि जयराम का हिसाब कमजोर है।

यदि मेरा कमजोर है, तो सीएम सुक्खू का भी तगड़ा नहीं है। सीएम साहब को बता दूं कि राज्यसभा चुनाव में आप 43 गिन रहे थे। कहे रहे थे कि तीन कम भी हुए तो भी आंकड़ा 40 होगा। अरे आपके तो नौ ही कम हो गए और सीधे 34 पर पहुंच गए, जबकि हम 28 से 34 पर पहुंच गए। आपकी सरकार जनता की नजरों में उसी दिन गिर चुकी थी। अब नौ उपचुनाव में सभी सीटों पर बीजेपी जीतेगी, तो सारा गणित समझ आ जाएगा।

व्यक्तिगत टिप्पणियों का दौर बढ़ा, तो परेशानी होगी

मंडी से भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी कंगना रणौत पर की जा रही टिप्पणी पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम साहब यह जान लें कि कंगना भाजपा की प्रत्याशी हैं। आपने मुद्दों पर बात करनी है, तो आपका स्वागत है, लेकिन यदि व्यक्तिगत टिप्पणियों पर जाएंगे, तो यह किसी के लिए उचित नहीं होगा। इससे परेशानी आपको भी हो सकती है। आज जो हालात सरकार में बने हैं उसके लिए सुक्खू खुद जिम्मेदार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App