बिकने-खरीदने वालों को जनता सिखाएगी सबक

By: Apr 17th, 2024 12:08 am

सीएम बोले, भाजपा ने चुराई राज्यसभा सीट, लोकसभा में भुगतना होगा खामियाजा

राजस्थान में सत्ता में आते ही भाजपा ने बंद कर दी है ओल्ड पेंशन

विशेष संवाददाता — शिमला

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में बिकने और खरीदने वालों को प्रदेश के लोग सबक सिखाएंगे। भाजपा ने राज्यसभा की सीट कांग्रेस से चुराई है। इसका सबक लोकसभा की चार सीटें खोकर भुगतना होगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्यारी बहना सम्मान निधि का 18 हजार रुपए सालाना नौ लाख महिलाओं को देगी। इसकी शुरुआत स्पीति से हो चुकी है।

कांग्रेस ने सरकार बनाने के बाद ईमानदारी से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा करने का काम किया है। 15 महीने में महिलाओं को सम्मान और अधिकारों की रक्षा का काम किया है। महिलाओं की शादी की उम्र 21 साल करने पर कानून ला रहे हैं। 1500 रुपए प्रतिमाह नौ लाख महिलाओं को मिलेगा। अंतिम सांस तक सरकार यह भुगतान करेगी। पूरे प्रदेश में दो लाख 37 हजार महिलाएं, जिन्हें 1100 रुपए तक पेंशन मिलती थी, उन्हें भी अब 1500 रुपए मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत कर महिलाओं की योजना पर ब्रेक लगवा दी। अप्रैल और मई का पैसा जून में एक साथ तीन हजार रुपए देंगे। किसान सम्मान निधि का पैसा खातों में डाला जा रहा है, जबकि महिलाओं के पैसे रोकने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन को पहली कैबिनेट में लागू किया है।

भाजपा ओल्ड पेंशन का विरोध करती रही है। राजस्थान में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में भाजपा ने ओल्ड पेंशन पर ब्रेक लगा दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों को डीए और एरियर का भी भुगतान किया है। 15 महीने से हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। 2027 में हिमाचल को आत्मनिर्भर और 2032 में सबसे समृद्ध राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश से कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को खत्म किया है।

व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं, मुद्दों पर बात करे भाजपा

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस ने दो प्रत्याशी दिए हैं। दोनों पढ़े-लिखे हैं और मुद्दों पर बात कर रहे हैं, जबकि भाजपा व्यक्तिगत टिप्पणियों पर उतर आई है। विक्रमादित्य सिंह आपदा के समय मंडी में रहे और सडक़ों को बहाल किया। विनोद सुल्तानपुरी पढ़े-लिखे प्रत्याशी हैं। उनके पिता छह बार सांसद रह चुके हैं। चारों लोकसभा की सीटें कांग्रेस जीतेगी। तानाशाही ताकत को सबक सिखाने का समय आ गया है। लोकसभा में जवाब देंगे, तो चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास नहीं करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App