विशेष

हमीरपुर की ‘पिक्चर’ में सुपरस्टार कौन?

By: Apr 11th, 2024 12:08 am

पिछले छह लोकसभा चुनावों में पांच बार भाजपा को मिली जिला में बढ़त, विधानसभा चुनाव-2022 के दौरान जिला की पांच विधानसभा सीटों में से चार पर कांग्रेस ने हासिल की थी जीत

जतिंद्र कंवर — ऊना

देश में लोकसभा चुनावों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है, वहीं मतदाताओं में भी चुनावों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में जिला ऊना के मतदाता चुनावों में अहम रोल अदा करते हैं। जिला ऊना में पिछले छह लोकसभा चुनावों में से पांच बार भाजपा ने बढ़त हासिल की है। करीब दो वर्ष पहले हुए विधानसभा
चुनावों में जिला ऊना में कांग्रेस पार्टी ने पंाच में से चार सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा को करारा झटका दिया था। 2022 के विधानसभा चुनावों में ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के सतपाल सत्ती मात्र 1736 मतों से जीत दर्ज करने में सफल रहे थे, जबकि भाजपा को अपने परंपरागत गढ़ कुटलैहड़ में भी हार का सामना करना पड़ा था।

इसके अलावा गगरेट, चिंतपूर्णी में भी कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि हरोली से मुकेश अग्रिहोत्री लगातार पंाचवीं बार बड़े मार्जिन से जीतने में सफल रहे, लेकिन प्रदेश में 27 फरवरी को हुए राज्यसभा चुनाव के बाद ऊना का राजनीतिक परिदृश्य पूरी तरह से बदल गया। जिला ऊना से कांग्रेस के दो विधायक पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए हैं तथा अब उपचुनावों में भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतर गए हैं। वहीं, करीब 16 साल बाद एक बार फिर से कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए ऊना जिला से प्रत्याशी देने का निर्णय लिया है। इस बार पूर्व विधायक सतपाल रायजादा भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को टक्कर देंगे।

2019 लोकसभा चुनावों में भाजपा ने पाई कामयाबी

2019 में लोकसभा के आम चुनावों में जिला ऊना के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी को अप्रत्याशित बढ़त मिली थी। अनुराग ठाकुर ने जिला ऊना से 109504 मतों की बढ़त हासिल की थी। कांग्रेस के गढ़ हरोली विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा बढ़त लेने में सफल रही थी। यहां भाजपा को 14921 मतों की बढ़त हासिल हुई थी, जबकि भाजपा को सर्वाधिक 27,227 मतों की बढ़त कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से मिली थी। ऊना सदर से भाजपा को 24,587 मतों, गगरेट विधानसभा क्षेत्र से 22,255 मतों और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से 20514 मतों की बढ़त मिली थी।

2014 में चार विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा रही थी आगे

2014 के लोकसभा के आम चुनावों में जिला ऊना के पंाच में से चार विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी को बढ़त मिली थी। भाजपा प्रत्याशी अनुराग सिंह ठाकुर ने जिला ऊना से 20 हजार 323 मतों की बढ़त हासिल की थी। हरोली विधानसभा क्षेत्र जिला का एकमात्र ऐसा विधानसभा क्षेत्र था, जहां कांग्रेस ने 6960 मतों की बढ़त हासिल की थी, जबकि भाजपा को सर्वाधिक 11,415 मतों की बढ़त ऊना विधानसभा क्षेत्र से मिली थी। कुटलैहड़ से भाजपा को 6597, गगरेट विधानसभा क्षेत्र से 5667 मतों और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से 3604 मतों से बढ़त मिली थी।

2009 में ऐसे थे हालात

2009 के लोकसभा के आम चुनावों में जिला से भाजपा ने 12258 की बढ़त प्राप्त की थी। भाजपा को तीन तथा कांग्रेस को दो विधानसभा क्षेत्रों से बढ़त मिली थी। कांग्रेस ने हरोली से 1537 तथा गगरेट से 1102 मतों की बढ़त ली थी, जबकि भाजपा ने कुटलैहड़ से 5615, ऊना से 7828 तथा चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से 1554 मतों की बढ़त हासिल की थी।

2007 में धूमल की लहर

2007 में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल के नाम की लहर ने ऊना जिला में कांग्रेस को पछाड़ते हुए भाजपा को 9327 मतों की बढ़त दिला दी। 2008 के लोकसभा उपचुनाव में चुनावी राजनीति में पहली बार उतरे अनुराग ठाकुर को जिला ऊना से कांग्रेस प्रत्याशी होने के बावजूद पंाचों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 23,727 मतों की बढ़त मिली थी।

2004 में कांगेस आगे

2004 में हुए लोकसभा के आम चुनावों में ऊना जिला के पांच में से चार विधानसभा क्षेत्रों में कांगे्रस पार्टी को बढ़त मिली थी। केवल कुटलैहड़ से भाजपा को मात्र 800 मतों की बढ़त मिल पाई थी। कांग्रेस को 2004 में जिला में कुल 26,821 मतों की रिकॉर्ड बढ़त मिली थी। फिर भी 2004 में कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर लगभग 1615 मतों से चुनाव हार गए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App