केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने घेरी कांग्रेस सरकार

By: Apr 17th, 2024 12:17 am

बोले, भाजपा 400 सीटों पर जीत के लिए लड़ रही ,जबकि कांग्रेस 40 के लिए संघर्ष कर रही है

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
कांग्रेस पार्टी व गांधी परिवार ने सदैव बांटो व राज करो की नीति अपनाते हुए जनता को छला है। यह बात ऊना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कही। कांग्रेस व गांधी परिवार पर बरसते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस परिवार व पार्टी ने देश पर आपातकाल थोपा, जिस परिवार व पार्टी ने 62 बार बाबा साहिब अंबेडकर के दिए संविधान में संशोधन किए,वह अब देश को ज्ञान देने पर तुली हुई है कि संविधान खतरे में है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह वहीं कांग्रेस पार्टी है जो 2014 में कहती थी कि यदि नरेंद्र मोदी सत्ता में आए तो मुसलमानों के खिलाफ हो जाएगें। उन्होंने कहा कि देश ने मोदी सरकार का दस वर्ष का शासन देखा है। जनता देख रही है कि मोदी सरकार के दस साल के कार्यकाल में सबका विकास,सबका विश्वास व सबका साथ मूल मंत्र पर भाजपा सरकार ने कार्य किया है।

मोदी सरकार की नीतियों का लाभ देश की 140 करोड़ जनता को मिला है तथा हिंदु,मुसलमान,सिक्ख,ईसाई,बौद्व,जैन किसी धर्म से भेदभाव न करते हुए देश के सभी नागरिकों को हर सरकारी नीति व कार्यक्रम के तहत लाभ दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्यां देश में करोड़ो शौचालयों की सुविधा का लाभ देते हुए किसी का धर्म या जाति पूछी गई। मोदी सरकार ने 10 साल में 4 करोड़ आवास दिए,उज्जवला योजना के तहत करोड़ो रसोई गैस कन्नैकशन दिए। कांग्रेस की नीति हमेशा ही बांटो व राज करो की रही है। कांग्रेस ने हमेशा जनता को धर्म व जाति के आधार पर बांट कर राज किया। कांग्रेस ने टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करवा लिया,अब देश के टुकड़े-टुकड़े करने की सोच रहे है। यह लोग देश को कमजोर करना चाहते है। देश के परमाणु हथियारों को नष्ट करने की बात कर रहे है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनाव व्यक्तिगत टिप्पणियों की जगह विकास के मुद्दे व विचारधारा के आधार पर लड़े जाने चाहिए। भाजपा विकसित भारत की सोच लेकर चुनाव लड़ रही है। भाजपा चुनावों में 400 सीटों पर जीत के लिए लड़ रही है,जबकि कांग्रेस 40 सीटों के लिए संघर्ष कर रही है। अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि भाजपा केंद्र में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार जनता से किए वादों को पुरा नही कर पाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App