वोट देना हमारा संवैधानिक अधिकार है

By: May 1st, 2024 12:16 am

हिमाचल प्रदेश कालेज ऑफ लॉ में चुनाव प्रक्रिया पर किया जागरूकता, मतदान करने की अपील की

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- नाहन
जिला सिरमौर के कालाअंब स्थित हिमाचल प्रदेश कालेज ऑफ लॉ में चुनाव प्रक्रिया और जागरूकता पर एक इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश कालेज ऑफ लॉ कालाअंब में चुनाव जागरूकता पर एक संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में देवेंद्र सिंह जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने भारत में चुनाव प्रक्रिया पर छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वोट देने का अधिकार हमारा संवैधानिक अधिकार है और यह भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति कत्र्तव्य में परिवर्तन लाने वाला साबित हुआ है। स्वीप के जिला नोडल अधिकारी अनिल शर्मा ने भी स्वस्थ राष्ट्र प्रणाली के लिए वोट डालने के हमारे कत्र्तव्य के बारे में छात्रों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और दुनिया में सबसे ज्यादा युवा आबादी हमारे पास है जिसका उपयोग वर्तमान समय में लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रोत्साहन देने में किया जा सकता है।

उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में बात की। उन्होंने वोटर कार्ड के लिए आसान और त्वरित पंजीकरण के लिए ऑनलाइन वेबसाइट लिंक भी सांझा किया और बताया कि हिमाचल में नए मतदाता चार मई, 2024 तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इस अवसर पर कालेज के प्राचार्य डा. अश्वनी कुमार ने भी छात्रों को संबोधित किया और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदान के अधिकार और उनके मूल्य के बारे में सटीक जानकारी दी। टीम ने व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी के बारे में बताया जो देश के मतदाताओं की जागरूकता के लिए चुनाव विभाग की मुख्य पहल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App