भारतीय जनता पार्टी के 40 स्टार प्रचारक तैनात

By: May 3rd, 2024 12:06 am

हरियाणा में लोकसभा चुनावों को कसी कमर, पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में करेंगे रैलियां

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— चंडीगढ़

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव और करनाल उपचुनाव को लेकर हरियाणा में पूरी ताकत झोंक दी है। सूबे में चुनाव प्रचार को लेकर पार्टी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के अलावा पांच राज्यों के मुख्यमंत्री भी प्रचार करेंगे। ये स्टार प्रचारक प्रदेश में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में रैली व जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रैलियों की तिथि व स्थान तय करने के लिए पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में मंथन किया। 40 स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे पहला नाम प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का है। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, सडक़ एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, भाजपा नेत्री व फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा, मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा, भूपेंद्र यादव, डॉ. सतीश पूनिया, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर शामिल हैं।

भाजपा स्टार प्रचारक की सूची में मुख्य मंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्य मंत्री मनोहर लाल का भी नाम शामिल है। दोनों ने पिछले कई दिनों से पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान संभाली हुई है। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, डॉ. सुधा यादव, कुलदीप बिश्नोई, पूर्व गृह मंत्री अनिल विज, कैप्टन अभिमन्यु, सुभाष बराला, राम बिलास शर्मा, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा भी शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, जेपी दलाल, बनवारी लाल, सुभाष सुधा, सीमा त्रिखा, बिशंबर वाल्मीकि भी शामिल हैं। भाजपा ने लोकसभा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को भी स्टार प्रचारक बनाया है। दरअसल कई उम्मीदवारों का अपने लोकसभा क्षेत्र के अलावा बाकी क्षेत्रों में भी अच्छा खासा प्रभाव है, जैसे कि राव इंद्रजीत की गुरुग्राम लोकसभा के साथ भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर अच्छी पकड़ है। इसलिए उन्हें भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। सूची में राव इंद्रजीत के अलावा अशोक तंवर व नवीन जिंदल भी शामिल हैं। पार्टी सिरसा सीट की सांसद सुनीता दुग्गल को भी प्रचारकों की सूची में शामिल किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App