सीएम ने जाना जनता का दर्द

By: May 1st, 2024 12:16 am

बड़सर क्षेत्र के नेता भी टिकट की चाह में पहुंचे मुख्यमंत्री के दरबार

कार्यालय संवाददाता-नादौन
प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दो दिवसीय नादौन प्रवास पर मंगलवार सुबह हेलीकॉप्टर द्वारा गौना के मैदान पर पहुंचे जहां उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वह सीधे सेरा विश्रामगृह पहुंचे जहां काफी संख्या में लोग व कांग्रेस कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए पहले से ही लाइनों में खड़े थे, ताकि वह अपनी समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष सही ढग़ से रख सकें। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने समस्त लोगों के साथ मिलकर उनकी समस्याओं का निपटारा किया। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों की समस्याएं एक-एक करके सुनीं और उन्हें हल करने का आश्वासन भी दिया। लोग भी मुख्यमंत्री के सरल व्यक्तित्व को देखकर खासे खुश नजर आए। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारी से मिलकर उपचुनावों के संबंध में डिटेल से फीडबैक भी ली। इतना ही नहीं उपचुनावों के लिए टिकटों के कई चाह्वान कांग्रेस नेता भी उनसे मिलने पहुंचे थे, जिनमें बड़सर क्षेत्र से डैनी जसवाल तथा रूबल ठाकुर के अलावा अन्य कांग्रेस नेता मिलने आए थे, ताकि उन्हें बड़सर क्षेत्र से टिकट मिल सके।

क्योंकि कांग्रेस पार्टी बड़सर क्षेत्र में होने वाले उपचुनावों में अभी तक अपने प्रत्याशी का चयन नहीं कर पाई है। ऐसे में मुख्यमंत्री बड़सर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नब्ज भी टटोल रहे हैं कि किस कार्यकर्ता को मैदान में उतारा जाए, ताकि बड़सर की सीट को जीतकर सरकार को और मजबूत किया जा सके। क्योंकि बड़सर क्षेत्र के लोग भी कांग्रेस प्रत्याशी के चयन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि वह भी प्रत्याशी को जिताने में अपनी ताकत फील्ड में झोंक सकें। मंगलवार देर रात तक सेरा विश्राम गृह में मुख्यमंत्री से मिलने वालों का तांता लगा रहा। गौर रहे कि बुधवार शाम तक प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सेरा विश्राम गृह में ही रुक कर लोगोंतथा पदाधिकारी से मिलेंगें तथा चुनावों के संबंध में फीडबैक लेने के बाद शाम करीब पांच बजे शिमला के लिए रवाना हो जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App