सरकार ने दिया कर्मचारियों को ओपीएस का तोहफा

By: May 23rd, 2024 12:55 am

धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी बोले, कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं पर प्रदेश सरकार संवेदनशील

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – धर्मशाला
प्रदेश सरकार कर्मचारी हितैषी हैं और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया है। कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों पर प्रदेश सरकार संवेदनशीन है। हमें मुख्यमंत्री के हाथों को मजबूत करना है। यह बात धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों से मुलाकात के दौरान कही। बुधवार को देवेंद्र सिंह जग्गी ने सुबह करीब साढ़े दस बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक जिलाधीश कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जलशक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग व शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों में कर्मचारियों से मुलाकात की और उन्हें कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों से अगवत करवाया। कर्मचारियों से मुलाकात के बाद देवेंद्र सिंह जग्गी ने अपने तय शेड्यूल के तहत बनोरडू, शिव मंदिर नैतड़ अप्पर दाड़ी व डिपो बाजार में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कीं और लोगों से अपने पक्ष में मतदान का आह्वान किया। इस दौरान जग्गी ने कहा कि जनता के साथ विश्वासघात करने वाले दलबदलू भाजपा प्रत्याशी को जनता करारा जवाब देने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता सुधीर शर्मा भूल गए कि जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें जीत दिलाई थीए अब वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता धूल भी चटाएंगे। कांग्रेस नेता जग्गी ने कहा कि नुक्कड़ सभाओं के दौरान उन्हें लोगों का भरपूर समर्थन और अपनापन मिल रहा है। जनादेश का अपमान करने वाले की अबकी बार जमानत जब्त होगी। जग्गी ने कहा कि लोगों में इस बात को लेकर भी आक्रोश है कि भाजपा नेता ने अपने निजी हित के लिए धर्मशाला के विकास को स्लीब पर लटका दिया है। जग्गी ने कहा कि देवभूमि में छल-कपट की राजनीति न कभी चली थी और न आगे चलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के जुमलों और छल-कपट की राजनीति से अब लोग भी तंग आ गए हैं। इसलिए भाजपा का पूरे देश से सूपड़ा साफ होने वाला है। कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा नेता सुधीर शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेता जीतने के बाद अपने घर के गेट पर ताला लगा देते हैं, लेकिन मेरे घर के दरवाजे आम आदमी के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे। वहां पर ताला नहीं दिखेगा, बल्कि हमेशा जनता का वेलकम होगा। जग्गी ने कहा कि धर्मशाला के विकास को कभी रुकने नहीं दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App