Himachal Election: छोटे मियां की गारंटियां पूरी नहीं, बड़े मियां दो चार और कर गए

By: May 27th, 2024 12:08 am

ऊना में अनुराग ठाकुर ने राहुल की रैली पर कसा तंज, मुख्यमंत्री भी लपेटे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

केंद्रीय सूचना प्रसारण व खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने ऊना में राहुल गांधी की रैली को फ्लॉप करार देते हुए राहुल गांधी द्वारा दी गई गारंटियों को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘छोटे मियाँ की गारंटियाँ पूरी हुई नहीं, बड़े मियाँ दो-चार और गारंटियाँ दे गए’। अनुराग ने कहा कि जैसे सुक्खू की गारंटियां पूरी नहीं हुईं, वैसे ही राहुल की गारंटियों का भी सच्चाई से दूर-दूर तक कोई लेना देना नहीं है। अनुराग ठाकुर ने रविवार को ऊना विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक सतपाल सिंह सत्ती के साथ एक दर्जन से ज़्यादा जनसभाएं कीं। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक करियर जितना फ्लॉप है, उतनी ही फ्लॉप उनकी ऊना की रैली रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंच से सिर्फ़ झूठे आश्वासन और मुंगेरीलाल के सपने दिखाए जा रहे थे। राहुल गांधी ने मंच से झूठी गारंटियों की झड़ी लगा दी। क्योंकि उन्हें पता है कि न उनकी सरकार आनी है, न उन्हें गारंटियां पूरी करनी हैं।

इसलिए ऊना में कांग्रेसी मंच से सिर्फ़ झूठ ही परोसा गया। अनुराग ठाकुर ने कहा हिमाचल में कांग्रेस को सरकार बनाए 16 महीने बीत गए हैं, पर उन्होंने अपनी एक भी गारंटी पूरी नहीं की है। हिमाचल की माताए-बहनें अभी तक अपने 1500 रुपए का इंतजार कर रही हैं। हिमाचल के किसान अभी तक दो रुपए प्रति किलोग्राम गोबर और 100 रुपए प्रति लीटर दूध खरीदे जाने का इंतजार कर रहे हैं। हिमाचल के युवा पांच लाख नौकरियां का इंतजार कर रहे हैं। हिमाचल के परिवार 300 यूनिट फ्री बिजली का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता इन मुद्दों पर कुछ नहीं बोलते हैं, बल्कि नए-नए भ्रम फैलाने में लगे रहते हैं। राहुल गांधी के हिमाचल आगमन पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि यहां के कांग्रेसी चाह रहे थे कि राहुल न आएं, क्योंकि वह जब भी आते हैं, तब उनका नुकसान करके जाते हैं। हमारे लिए तो अच्छा है कि राहुल गांधी यहां आ रहे हैं।

जनता की ओर से कांग्रेस से पूछे सवाल

अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता के कुछ सवाल हैं, जिनका उत्तर राहुल गांधी व कांग्रेस नेताओं को अवश्य देना चाहिए। भारत के टुकड़े-टुकड़े का नारा देने वालों को उन्होंने कांग्रेस पार्टी में क्यों शामिल किया? कांग्रेस पार्टी और राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन से पैसे क्यों लिए? कर्नाटक, तेलंगाना में एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय का पांच प्रतिशत आरक्षण छीन कर अपने वोट बैंक को क्यों दिया और क्या हिमाचल में भी इसकी तैयारी है? 10 वर्षों तक सेना को बुलेट प्रूफ जैकेट और लड़ाकू विमान के लिए क्यों तरसाया? वन रैंक, वन पेंशन क्यों नहीं दिया? भारत की हजारों एकड़ भूमि चीन, पाकिस्तान और श्रीलंका को क्यों दी? राम मंदिर का विरोध क्यों किया? वहां फिर से बाबरी मस्जिद बनाने की बात क्यों करते हो? विदेश जाकर हमेशा भारत के खिलाफ क्यों बोलते हो? और अंतिम प्रश्न यह है कि क्या हिंदुस्तानियों की संपत्ति छीनकर घुसपैठियों में बांटने वाले हो? इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया के प्रति राहुल गांधी दुर्भावना रखते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App