नेता प्रतिपक्ष जयराम बताएं, प्रदेश हित में क्या किया

By: May 1st, 2024 12:08 am

सुक्खू का नेता प्रतिपक्ष पर प्रहार, केंद्र में हिमाचल की पैरवी करने में नाकाम रहे पूर्व मुख्यमंत्री

कार्यालय संवाददाता — नादौन

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार दोपहर बाद नादौन पहुंचे। नादौन के गौना में पत्रकारों के साथ विशेष बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा करने में नाकाम रहे हैं। मुख्यमंत्री रहते भी वह प्रदेश का पक्ष केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से नहीं रख पाए। अब नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभाने में भी पूरी तरह नाकाम रहे हैं। केंद्र सरकार जब अग्निवीर योजना लाई, तब भी कुछ नहीं बोले। प्राकृतिक आपदा के समय वह केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज की मांग तक नहीं कर पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक बयानों के जवाब पर जयराम ठाकुर को विचलित नहीं होना चाहिए। कंगना पर किसी ने भी आपत्तिजनक टिप्पणियां नहीं की हैं। कंगना हिमाचल की बेटी है और उनके पिता कांग्रेस के महासचिव रहे हैं। जयराम ठाकुर को यह समझना चाहिए कि जब उनकी तरफ से कोई बयान आएगा, तो उसका जबाव भी मिलेगा। जयराम ठाकुर बताएं कि हिमाचल के हित में उन्होंने अपनी सरकार के समय कौन से काम किए हैं। जयराम ने कौन सी लड़ाई प्रदेश हित में लड़ी।

ठाकुर सुखविंदर सिंह ने कहा कि पहले फौज में नवयुवक भर्ती होता था और उसे सरकारी नौकरी मिलती थी। केंद्र सरकार ने युवाओं की सेना की नौकरी भी अस्थायी कर दी और अग्निवीर योजना लाकर युवाओं से खिलवाड़ किया है। जयराम ठाकुर ने अग्निवीर योजना के विरोध में भी कोई आवाज नहीं उठाई। आपदा आने पर भाजपा के तीनों सांसदों ने केंद्र सरकार के समक्ष कभी विशेष राहत पैकेज की मांग नहीं रखी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर के पास कहने के लिए कुछ नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने अपनी सरकार में पांच साल में केवल 16000 नौकरियां निकालीं, उनमें से जेओआईटी की भर्ती न्यायालयों में फंसी रही। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही न्यायालय में मजबूती से केस लडक़र उन नौकरियों को बहाल करवाया। कांगेस सरकार ने सत्ता में आने के एक साल में ही 22 हजार नौकरियां निकाली हैं, जिनकी भर्ती प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री ने नादौन में सुनीं लोगों की समस्याएं

नादौन — मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दो दिवसीय नादौन प्रवास पर मंगलवार सुबह गौना पहुंचे। उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वह सीधे सेरा विश्रामगृह पहुंचे, जहां काफी संख्या में लोग व कांग्रेस कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे थे। सीएम सुखविंदर सुक्खू ने समस्त लोगों के साथ मिलकर उनकी समस्याओं का निपटारा किया। लोग भी मुख्यमंत्री के सरल व्यक्तित्व को देखकर खुश नजर आए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों से मिलकर उपचुनावों के संबंध में डिटेल से फीडबैक भी ली। इतना ही नहीं, उपचुनावों के लिए टिकटों के कई चाह्वान कांग्रेस नेता भी उनसे मिलने पहुंचे थे। ऐसे में मुख्यमंत्री बड़सर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नब्ज भी टटोल रहे हैं कि किस कार्यकर्ता को मैदान में उतारा जाए, ताकि बड़सर की सीट को जीतकर सरकार को और मजबूत किया जा सके।

चार जून को मुंबई लौट जाएंगी कंगना

विशेष संवाददाता — शिमला

प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कंगना के साथ अभिनय क्षेत्र में जाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि चार जून को अपना चुनाव हारने के बाद कंगना मुंबई लौट जाएंगी और जयराम ठाकुर फिर प्रदेश में अकेले ही रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा और छह विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा। कांग्रेस सभी सीटों पर अपनी जीत का परचम लहराएगी। संजय अवस्थी ने कहा कि न तो देश में और न ही प्रदेश में भाजपा की कोई सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर आज कंगना के स्टेज सेक्रेटरी का अभिनय कर प्रदेश में सरकार बनाने का झूठा दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी षड्यंत्र बार बार सफल नही होता। उन्होंने अपने इस षड्यंत्र में कांग्रेस के छह विधायकों को न घर का रखा, न घाट का। अब इन सब विधायकों को उपचुनावों में करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App